उज्जैन-देवास रोड स्थित श्रीगंगा होटल में कचरा कक्ष (ओवर ग्राउंड चैंबर) की सफाई के दौरान जहरीली गैस से दम घुटने से 4 लोगों की मौत हो गई और 2 घायल हो गए। 


उज्जैन। होटल श्रीगंगा में चैंबर सफाई के दौरान दर्दनाक हादसा, जहरीली गैस से दम घुटने से 4 लोगों की मौत, 2 गंभीर

उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन के एक निजी होटल में शनिवार देर रात सफाई के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। उज्जैन-देवास रोड स्थित श्रीगंगा होटल के कचरा कक्ष (ओवर ग्राउंड चैंबर) में सफाई करने उतरे चार कर्मचारियों की दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, उन्हें बचाने के प्रयास में चैंबर में उतरे दो अन्य लोग भी जहरीली गैस की चपेट में आकर झुलस गए, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है।

पुलिस अधीक्षक (SP) प्रदीप शर्मा के अनुसार, शनिवार रात होटल के कचरा कक्ष की सफाई का काम चल रहा था। इसके लिए चार कर्मचारी चैंबर के अंदर उतरे थे, लेकिन वे अंदर ही फंस गए और दम घुटने के कारण बेहोश हो गए।

जब वे काफी देर तक बाहर नहीं निकले, तो उन्हें बचाने के लिए दो अन्य लोग भी चैंबर में उतरे, लेकिन दम घुटने से उनकी तबीयत भी बिगड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अचेत कर्मचारियों को बाहर निकालकर सीपीआर (CPR) देकर बचाने की कोशिश की। हालांकि, स्थिति गंभीर होने पर सभी को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार कर्मचारियों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों में से तीन की पहचान कमलेश तंबोली, नितिन वाहिद और मनोज मीणा के रूप में हुई है, जबकि चौथे मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं। हादसे में घायल हुए दो अन्य लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

घटना पर होटल के मालिक ने सफाई देते हुए दावा किया कि चैंबर की सफाई आमतौर पर मोटर पंप के जरिए ही की जाती है। उन्होंने आशंका जताई कि चैंबर में कोई भारी मलबा फंस गया होगा, जिसे हटाने या साफ करने के प्रयास के दौरान यह दुखद हादसा घटित हुआ।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जाहिर करते हुए राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों तथा सुरक्षा मानकों में चूक की गहनता से पड़ताल की जा रही है।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822