प्रधानमंत्री और रेल मंत्री को पत्र भेजकर उठाई मांग, वरिष्ठ नागरिकों की किराया रियायत बहाल करने और प्रमुख तीर्थस्थलों के लिए अतिरिक्त ट्रेनें चलाने का किया आग्रह

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा के राष्ट्रीय महासचिव (युवा) एवं पंडा धर्मरक्षिणी सभा, देवघर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंद्रशेखर खवाड़े ने तीर्थ-पुरोहित समाज को उचित सम्मान देने और हिंदू तीर्थयात्रियों के लिए विशेष रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री को पत्र भेजकर सनातन संस्कृति के संरक्षण, स्वतंत्रता संग्राम में तीर्थ-पुरोहित समाज के योगदान का ऐतिहासिक मूल्यांकन कराने तथा देश के प्रमुख तीर्थस्थलों तक श्रद्धालुओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

प्रधानमंत्री को भेजे गए पत्र में श्री खवाड़े ने स्वतंत्रता संग्राम में तीर्थ-पुरोहित समाज एवं विभिन्न धार्मिक संस्थाओं की भूमिका का निष्पक्ष ऐतिहासिक मूल्यांकन कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि देश की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं को संरक्षित रखने में तीर्थ-पुरोहित समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इसलिए इस समाज के ऐतिहासिक योगदान को उचित पहचान और सम्मान मिलना चाहिए।

उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के लिए रेल किराये में मिलने वाली रियायत को पुनः बहाल करने, देश के प्रमुख तीर्थस्थलों के लिए विशेष रेलगाड़ियां चलाने और रेल कनेक्टिविटी बेहतर बनाने का भी आग्रह किया है। इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों की यात्रा में सहायता देने के लिए विशेष तीर्थयात्रा सहायता योजना शुरू करने की मांग उठाई है।

वहीं, केंद्रीय रेल मंत्री को भेजे गए पत्र में बाबा बैद्यनाथ धाम, सोमनाथ, काशी विश्वनाथ, महाकालेश्वर और जगन्नाथ पुरी सहित देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए अतिरिक्त ट्रेनें चलाने, रेल सुविधाओं का विस्तार करने तथा श्रद्धालुओं को विशेष यात्रा रियायत देने का अनुरोध किया गया है।

श्री खवाड़े ने कहा कि धार्मिक पर्यटन केवल आस्था और संस्कृति से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि यह देश की अर्थव्यवस्था, रोजगार और लाखों परिवारों की आजीविका का भी महत्वपूर्ण आधार है। देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न तीर्थस्थलों की यात्रा करते हैं। ऐसे में उनकी यात्रा को सुगम, सुरक्षित और किफायती बनाना आवश्यक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सनातन परंपराओं के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले तीर्थ-पुरोहित समाज को उचित सम्मान देने के साथ तीर्थयात्रियों की सुविधाओं को भी केंद्र सरकार की प्राथमिकता में शामिल किया जाना चाहिए।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822