पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने देवघर में केंद्र और यूपी सरकार पर राम मंदिर व काशी में चंदा चोरी का आरोप लगाया। खान खनिज संशोधन विधेयक 2026 के विरोध में आर्थिक नाकेबंदी की दी चेतावनी।

तरुण कुमार कंचन, देवघर। 

 गोड्डा के पूर्व सांसद और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता फुरकान अंसारी ने शनिवार को केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भाजपा नेतृत्व पर मंदिरों में चंदा चोरी का आरोप लगाते हुए खान खनिज संशोधन विधेयक 2026 के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन और आर्थिक नाकेबंदी की चेतावनी दी।

 

फुरकान अंसारी ने कहा कि केंद्र सरकार झारखंड पर कब्जा करने की नीयत से खान खनिज संशोधन विधेयक 2026 लाई है। इससे राज्य को भारी नुकसान होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक यह विधेयक वापस नहीं होता और राज्य का बकाया खनिज रॉयल्टी नहीं मिलता, तब तक कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक विरोध करेगी।

 

मंदिरों के चढ़ावे पर उठाए सवाल

अयोध्या के राम मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या में लगभग 200 करोड़ रुपये की हेराफेरी हुई है और अब काशी से भी ऐसी ही खबरें आ रही हैं। उन्होंने कहा, पहले मुगल बादशाहों ने हमारे मंदिरों को लूटा, फिर अंग्रेजों ने और अब भाजपा नेता आस्था के चढ़ावे को चुनाव में खर्च कर रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे मंदिर में दिए गए दान का पाई-पाई हिसाब मांगें।

 

हालांकि, जब उनसे देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम में चढ़ावे की कथित चोरी पर सवाल पूछा गया, तो वे इस पर टिप्पणी करने से बचते नजर आए। इस दौरान उनके साथ देवघर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र दास और दिनेश कुमार समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822