गया और बोधगया में ईडी की बड़ी कार्रवाई। रामनंदी होटल्स से जुड़े 85 करोड़ के बैंक ऋण घोटाले और 58 करोड़ की हेराफेरी मामले में अखौरी गोपाल के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी।

कंचन क्रांति न्यूज, गया।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने शुक्रवार की अहले सुबह से ही गया और बोधगया में एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की है। यह कार्रवाई रामनंदी होटल्स एंड रिसॉर्ट्स लिमिटेड से जुड़े कथित बैंक ऋण अनियमितता, वित्तीय फर्जीवाड़े और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले को लेकर की जा रही है। इस हाई-प्रोफाइल छापे से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

कई ठिकानों पर एक साथ सर्च ऑपरेशन

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम गया शहर के चांदचौरा स्थित अखौरी गोपाल और उनके करीबियों तथा बोधगया के अमर बिगहा गांव स्थित मिथिलेश राय के आवास पर पहुंचकर सघन जांच कर रही है। प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत कंपनी से जुड़े गया शहर के कई अन्य ठिकानों पर भी एक साथ सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। जांच अधिकारी घर के अंदर रखे गए वित्तीय दस्तावेजों, बैंक पासबुक, डिजिटल उपकरणों और अन्य रिकॉर्ड की बारीकी से जांच-पड़ताल कर रहे हैं।

85 करोड़ के ऋण में 58 करोड़ की हेराफेरी का है आरोप

जांच एजेंसी के सूत्रों के मुताबिक, रामनंदी होटल्स एंड रिसॉर्ट्स लिमिटेड पर बैंकों के कंसोर्टियम से लिए गए करीब 85 करोड़ रुपये के भारी-भरकम ऋण में से लगभग 58 करोड़ रुपये की कथित हेराफेरी और फंड के डायवर्जन का गंभीर आरोप है। ईडी को इस बात की पुख्ता आशंका है कि बैंक से यह ऋण फर्जी अथवा जाली प्रोजेक्ट कंप्लीशन रिपोर्ट (PCR) के आधार पर हासिल किया गया था।

परिवार की व्यक्तिगत गारंटी और बेनामी संपत्तियों का अंदेशा

शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि कंपनी का मुख्य नियंत्रण अखौरी गोपाल और उनके पुत्रों निशांत एवं नितेश के हाथों में है। इस ऋण के एवज में अखौरी गोपाल व उनके परिवार के सदस्यों द्वारा व्यक्तिगत गारंटी दी गई थी। इसके अलावा, टाटा मोटर्स के बकाये के एवज में गिरवी रखी गई पांच संपत्तियों को कथित तौर पर बाद में कम कीमत पर बेचने का मामला भी सामने आया है। जांच एजेंसी को यह भी संदेह है कि इस पूरी प्रक्रिया में कई खरीदार बेनामी या प्रॉक्सी के रूप में शामिल हो सकते हैं।

गया शहर के चांदचौरा निवासी अखौरी गोपाल का पहले रामनंदी ऑटोमोबाइल के नाम से भी कारोबार रहा है। बोधगया के अमर बिगहा से शुरू हुई इस छापेमारी और तलाशी अभियान के बाद कई अन्य खुलासे होने की उम्मीद है। फिलहाल ईडी की कार्रवाई लगातार जारी है, और तलाशी पूरी होने के बाद ही बरामद दस्तावेजों तथा आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर आधिकारिक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822