गोड्डा में दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए SDPO आकाश भारद्वाज ने शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करते हुए समितियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
जितेंद्र कुमार दुबे, गोड्डा।
दुर्गा पूजा को सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के जिला पुलिस प्रशासन की तैयारियां तेज हो गई हैं। पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस लगातार मुस्तैद नजर आ रही है। इसी क्रम में नवरात्र की दूसरी पूजा के अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) आकाश भारद्वाज ने जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का औचक निरीक्षण किया।
पैदल गश्ती कर लिया सुरक्षा का जायजा
निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ ने पुलिस बल के साथ पैदल गश्ती करते हुए प्रमुख पूजा पंडालों और उनके आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने पंडालों में उमड़ने वाली संभावित भीड़, आवागमन (ट्रैफिक) की स्थिति और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का अवलोकन किया।
एसडीपीओ ने विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारियों से भी मुलाकात कर आयोजन की तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों को दिए गए निर्देश
एसडीपीओ ने पुलिस बल को निर्देश दिया कि वे पंडालों के आसपास नियमित निगरानी रखें और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर बनाए रखें। इस निरीक्षण अभियान के दौरान पुलिस निरीक्षक दिनेश महली, नगर थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं यातायात (ट्रैफिक) पुलिस के जवान मौजूद रहे।
.................................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822