गोड्डा के मूलर्स टैंक में छठ पूजा की भव्य तैयारी चल रही है। 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य पर बनारस की टीम गंगा आरती करेगी, जबकि 16 नवंबर की सुबह आतिशबाजी का कार्यक्रम होगा।
जितेंद्र कुमार दुबे, गोड्डा।
लोक आस्था के महापर्व छठ को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए गोड्डा के मूलर्स टैंक में तैयारियां शुरू हो गई हैं। घाटों की साफ-सफाई से लेकर आकर्षक सजावट और रोशनी की व्यवस्था तक, विभिन्न स्तरों पर तैयारी की जा रही है। इसी सिलसिले में मंगलवार को रंगीला क्लब की बैठक क्लब अध्यक्ष सह वार्ड पार्षद मुकेश मंडल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में छठ पूजा के आयोजन को व्यवस्थित और भव्य रूप देने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई।
बैठक में पूजा स्थल और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई, घाटों की सजावट, रोशनी तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े इंतजामों की समीक्षा की गई। क्लब के सदस्यों ने आपसी सहयोग और सामूहिक सहभागिता से छठ महापर्व को बेहतर ढंग से संपन्न कराने का संकल्प लिया।
क्लब के संस्थापक रंजन कुमार ने बताया कि 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य के अवसर पर बनारस से आने वाली टीम द्वारा भव्य गंगा आरती की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके लिए पानी के ऊपर ही विशेष पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं, 16 नवंबर की सुबह आतिशबाजी का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
क्लब के उपाध्यक्ष अवधेश यादव और सचिव मुकेश मोदी ने बताया कि रंगीला क्लब की ओर से मूलर्स टैंक में सजावट का काम कराया जा रहा है। घाटों की साफ-सफाई नगर परिषद के सहयोग से कराई जा रही है, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।
बैठक में राजीव भंडारी, सनोज कुमार, संजीव कुमार, वीरेंद्र मंडल, शत्रुघ्न भंडारी, निशिकांत, अजीत कुमार, अभिषेक यादव, ललित मंडल, देवाशीष बजाज, अप्पू यादव, राकेश सहित रंगीला क्लब के कई सदस्य उपस्थित थे।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822