चटनी, बूंदी और खराब मिल्क केक समेत छह किलो खाद्य सामग्री मौके पर कराई गई नष्ट, बिना वैध लाइसेंस कारोबार करने वालों को नोटिस
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
त्योहारों के मौसम में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए देवघर जिला प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मोहनपुर क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाइयों और चटनी में अखाद्य रंग के इस्तेमाल के साथ एक प्रतिष्ठान में फफूंदयुक्त मिल्क केक भी पाया गया। जांच में सामने आई अनियमितताओं के बाद करीब छह किलोग्राम असुरक्षित खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट कराई गई।
अभियान के दौरान टीम ने मोहनपुर क्षेत्र के होटल, ढाबा, मिठाई दुकानों और फास्ट फूड प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई तथा खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की। इस क्रम में आईबीपी ढाबा भोजनालय, महादेव ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट, कृष्णा फास्ट फूड, मां लक्ष्मी फैमिली रेस्टोरेंट, एम/एस शैलेश राउत, ललन स्वीट्स, पीके मिष्ठान, श्रवण मिष्ठान भंडार, हीर फास्ट फूड और प्रिंस चाट स्टॉल सहित अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
मिठाइयों और चटनी में मिला अखाद्य रंग
जांच के दौरान ललन स्वीट्स की चटनी में अखाद्य रंग का इस्तेमाल पाया गया। इसके अलावा मिठाई प्रतिष्ठानों में बोंदिया और मोतीचूर के लड्डू में भी अखाद्य रंग की मौजूदगी मिली। वहीं, एक प्रतिष्ठान में फफूंदयुक्त मिल्क केक पाया गया। खाद्य सुरक्षा टीम ने इन असुरक्षित खाद्य पदार्थों को जब्त कर मौके पर ही नष्ट करा दिया। इनमें करीब 1.5 किलोग्राम चटनी, तीन किलोग्राम बूंदी और 1.5 किलोग्राम फफूंदयुक्त मिल्क केक शामिल हैं।
बिना लाइसेंस कारोबार करने वालों को नोटिस
निरीक्षण के दौरान कुछ खाद्य कारोबारियों के प्रतिष्ठान बिना वैध खाद्य लाइसेंस के संचालित होते पाए गए। इसके अलावा कई कारोबारी पानी की जांच रिपोर्ट और मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं करा सके। विभाग ने संबंधित कारोबारियों को नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्री में अखाद्य अथवा प्रतिबंधित रंगों का इस्तेमाल किसी भी स्थिति में न करें। विभाग ने कहा है कि आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस तरह का जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी शैलेश कुमार यादव और श्रीमती अंजलि विवा मिंज शामिल रहीं।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822