गोड्डा के जमुआ गांव से जुड़े प्रेम प्रसंग मामले में थाने पहुंचे युवक और नाबालिग युवती ने फिनायल का सेवन कर लिया। अस्पताल से छुट्टी के बाद युवक अजय साह को जेल भेज दिया गया। युवती के मामले में सीडब्ल्यूसी के माध्यम से कार्रवाई हो रही है।

जितेंद्र कुमार दुबे, गोड्डा।

गोड्डा के नगर थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़े एक मामले में युवक और नाबालिग युवती द्वारा फिनायल का सेवन किए जाने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। दोनों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद चिकित्सकों ने खतरे से बाहर बताते हुए छुट्टी दे दी। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उसे जेल भेज दिया।

मामला नगर थाना क्षेत्र के जमुआ गांव से जुड़ा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक अजय साह युवती को अपने साथ लेकर चला गया था। इस संबंध में युवती के परिजनों ने नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच के क्रम में पुलिस ने पूछताछ के लिए युवक के परिजनों को थाने बुलाया था। इसी दौरान युवक और युवती भी थाना पहुंचे। बताया जाता है कि इसी क्रम में दोनों ने फिनायल का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर पुलिस ने आनन-फानन में दोनों को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया गया।

चिकित्सकों ने उपचार के बाद दोनों की स्थिति खतरे से बाहर बताई और अगले दिन अस्पताल से छुट्टी दे दी। इसके बाद पुलिस दोनों को नगर थाना लेकर पहुंची। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद युवक अजय साह को जेल भेज दिया गया।

नाबालिग युवती के मामले में सीडब्ल्यूसी के माध्यम से कार्रवाई

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, युवक बालिग है, जबकि युवती नाबालिग है। युवक अजय साह, शंकर साह का पुत्र है और नगर थाना क्षेत्र के जमुआ गांव का निवासी है। युवती के नाबालिग होने के कारण उसके मामले में बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के माध्यम से नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

युवती के संरक्षण और आगे की व्यवस्था को लेकर उसकी इच्छा तथा बाल संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों के अनुरूप निर्णय लिया जाएगा। नियमानुसार परिजनों को सौंपने की स्थिति बनने पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अन्यथा उसके संरक्षण के लिए बाल गृह भेजने की व्यवस्था की जा सकती है। फिलहाल नगर थाना पुलिस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी हुई है।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822