हाजीपुर की कवयित्री डॉ. बबिता सिंह को पटना के दाउदपुर में आयोजित साहित्यिक महोत्सव में उत्कृष्ट कविता पाठ के लिए ‘काव्य मणि रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया।
कंचन क्रांति न्यूज, हाजीपुर।
साहित्यिक मंच पर अपनी काव्य प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाली हाजीपुर की सुप्रसिद्ध कवयित्री डॉ. बबिता सिंह को उत्कृष्ट कविता पाठ के लिए ‘काव्य मणि रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान पटना के दानापुर कैंट स्थित दाउदपुर में आयोजित 14वीं, 15वीं और 16वीं मासिक एकल काव्य एवं एकल नाट्य शृंखला के विशेषांक महोत्सव के दौरान प्रदान किया गया। इस उपलब्धि से साहित्य जगत में हाजीपुर का गौरव बढ़ा है।
कार्यक्रम का आयोजन कविवर पुरुषार्थी कला मंच की ओर से कविवर पुरुषार्थी धाम श्री सियाराम सिंह प्लस टू विद्यालय, शाहपुर दाउदपुर के प्रांगण में किया गया। समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यिक वार्षिक पत्रिका ‘शब्दांश’ के कार्यकारी संपादक रूपक कुमार ने की। कार्यक्रम स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीद अशफाक उल्ला खान की जयंती तथा फिल्म अभिनेता एवं निर्माता नाना पाटेकर को समर्पित था।
समारोह का उद्घाटन वरिष्ठ कवि एवं लेखक कैप्टन कुमार निरंजन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर युवा कवयित्री डॉ. सुप्रिया सोनी (मुजफ्फरपुर), डॉ. बबिता सिंह (हाजीपुर) और प्रेम सखी कुमारी (मुंगेर) ने एकल काव्य प्रस्तुति दी। अपनी प्रभावशाली काव्य प्रस्तुति के लिए डॉ. बबिता सिंह को ‘काव्य मणि रत्न’ सम्मान से विभूषित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पटना जिला माध्यमिक शिक्षा संघ के अध्यक्ष नित्यानंद सिंह उपस्थित रहे। इनके अलावा डॉ. कन्हैया सिंह (एएस कॉलेज, रोहतास), डॉ. सकल देव सिंह, राजीव रंजन (जलेस), वरिष्ठ कवि आनंद किशोर शास्त्री, गणेश झा, कैप्टन जनमेजय, कैप्टन गौतम प्रसाद, सुधीर भारती, कवि मृत्युंजय नारायण सिंह, कवि प्रेम कुमार, समाजसेवी बसंती देवी, अनु कुमारी और सर्वानंद सिंह सहित अनेक साहित्यकार, गणमान्य व्यक्ति एवं साहित्यप्रेमी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन मंच के सचिव एवं रंगकर्मी अनिल कुमार सुमन ने किया। साहित्यकारों और श्रोताओं की उपस्थिति ने आयोजन को साहित्यिक गरिमा प्रदान की।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822