हंसडीहा थाना क्षेत्र के सुढ़ी गम्हरिया गांव में जितिया पर्व के दौरान तालाब में स्नान करने गए 8 वर्षीय मासूम की डूबने से मौत हो गई। परिवार में मातम पसरा है। पढ़ें पूरी खबर।
कंचन क्रांति न्यूज, दुमका।
हंसडीहा थाना क्षेत्र के सुढ़ी गम्हरिया गांव में शुक्रवार सुबह जितिया पर्व के पावन अवसर पर तालाब में स्नान करने के दौरान डूबने से एक आठ वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी रामध्वज मंडल के पुत्र ओम शंकर मंडल (8) के रूप में हुई है। इस अचानक हुए हादसे से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मां के साथ पोखर गया था मासूम
जानकारी के अनुसार, जितिया पर्व को लेकर ओम शंकर अपनी मां के साथ गांव स्थित भासना पोखर में स्नान करने गया था। इस दौरान तालाब में अन्य बच्चे भी स्नान कर रहे थे। बताया जाता है कि स्नान करने और खेलने के दौरान अचानक ओम शंकर गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास के लोगों ने जब उसे पानी में डूबते देखा, तो तुरंत उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और उसकी मौत हो चुकी थी।
पोस्टमार्टम नहीं कराने का दिया आवेदन
घटना की सूचना मिलते ही तालाब के पास ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। मासूम की अकाल मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
इधर, घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के पिता रामध्वज मंडल ने हंसडीहा थाना में लिखित आवेदन देकर बच्चे का पोस्टमार्टम नहीं कराने का अनुरोध किया है। इस संबंध में थाना प्रभारी अजीत कुमार यादव ने बताया कि परिजनों द्वारा आवेदन देकर पोस्टमार्टम कराने से इंकार किया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई कर रही है।
..........................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822