गांधी जयंती पर देवघर नगर निगम द्वारा नंदन पहाड़ शिल्पग्राम में 'Catch The Rain - 2026' के तहत छात्र सम्मान व पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। पढ़ें पूरी खबर।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर:
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के पावन अवसर पर देवघर नगर निगम के तत्वावधान में नंदन पहाड़ स्थित शिल्पग्राम ऑडिटोरियम में अमृत योजना के अंतर्गत संचालित ‘Catch The Rain - 2026’ अभियान के तहत एक भव्य छात्र सम्मान एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया।
दीप प्रज्वलन और स्वच्छता की शपथ
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथियों के आत्मीय स्वागत तथा पर्यावरण व जल संरक्षण के प्रतीक स्वरूप उन्हें पौधा भेंट कर किया गया। इसके पश्चात सभी गणमान्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, निगम कर्मियों और छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से स्वच्छता की शपथ ली तथा स्वच्छता एवं जल संचयन को अपनी दैनिक जीवनशैली में शामिल करने का संकल्प लिया।
जल संरक्षण पर वक्ताओं के विचार
समारोह को संबोधित करते हुए अपर नगर आयुक्त, नगर आयुक्त, माननीय महापौर एवं विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने आने वाली पीढ़ियों के लिए पानी की प्रत्येक बूंद को सहेज कर रखने और उसके सदुपयोग का आह्वान किया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को जल संरक्षण का सच्चा संवाहक बताते हुए सभी से अपने घरों और मोहल्लों में वर्षा जल संचयन संरचनाओं (Rainwater Harvesting) को बढ़ावा देने की विशेष अपील की।
प्रतियोगिता के विजेताओं और सफाई मित्रों का सम्मान

इस गरिमामय समारोह के दौरान ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत शहर के विभिन्न विद्यालयों में पूर्व में आयोजित चित्रकला, भाषण एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मंच पर प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, अपने उत्कृष्ट कार्य-प्रदर्शन के जरिए शहर को स्वच्छ रखने वाले समर्पित सफाई मित्रों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रमुख विद्यालयों में सीएम उत्कृष्ट बालिका मातृ मंदिर, आर.एल. सर्राफ उच्च विद्यालय, आर. मित्रा सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस तथा रामकृष्ण मिशन विद्यापीठ के प्रतिभागी छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया और पर्यावरण संतुलन का कड़ा संदेश दिया।
..........................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822