गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर देवघर डीसी सौरभ कुमार भुवानिया, डीडीसी और नगर आयुक्त ने टावर चौक पर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। पढ़ें पूरी खबर।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
गांधी जयंती के पावन अवसर पर देवघर के टावर चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, और नगर आयुक्त सुलोचना मीना ने माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
बापू और शास्त्री जी के आदर्शों को किया याद
माल्यार्पण के पश्चात उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सत्य, अहिंसा और करुणा के जीवंत पुंज थे। उनके जीवन के आदर्श और विचार आज भी पूरे समाज और देश को सही राह दिखाते हैं। बापू की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन करते हुए उपायुक्त ने सभी नागरिकों से स्वच्छता को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का आग्रह किया।
इसके साथ ही, उपायुक्त ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री 'भारत रत्न' लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि शास्त्री जी सादगी, ईमानदारी और दृढ़ संकल्प के अद्भुत प्रतीक थे। उनका दिया हुआ अमर नारा 'जय जवान, जय किसान' आज भी देश के सुरक्षा बलों और अन्नदाता किसानों को नई ऊर्जा प्रदान करता है। उपायुक्त ने कहा कि इन दोनों महान विभूतियों के विचार और राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान हमेशा हमारे लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
स्वच्छता अभियान और नशामुक्त समाज का संकल्प
जयंती के इस विशेष अवसर पर उपायुक्त ने जिले में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा समाज को नशामुक्त व सशक्त करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण के लिए गंदगी और नशाखोरी जैसी सामाजिक बुराइयों को समाज से जड़ से मिटाना बेहद जरूरी है। उपायुक्त ने सभी जिलावासियों से अपील की कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ जनसेवा एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों में अपना सक्रिय योगदान दें।
इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी के साथ-साथ नगर निगम के कई अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।
..........................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822