हज़ारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत 13 माइल के पास 18 चक्का ट्रेलर की चपेट में आने से मजदूर रामदेव रजक की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। पढ़ें पूरी विस्तृत खबर


हज़ारीबाग। जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र स्थित 13 माइल के पास गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक मजदूर की जान चली गई। पीआरसीएल ट्रांसपोर्टिंग रोड पर कोयला ढुलाई कर रहे एक तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रेलर ने मजदूर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान रामदेव रजक के रूप में हुई है, जो स्थानीय सोनबरसा गांव का रहने वाला था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वह रोज की तरह ट्रांसपोर्टिंग रोड पर अपना काम कर रहा था, तभी अहले सुबह करीब चार बजे यह भीषण हादसा हुआ।

घटना के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस दुर्घटना के बाद से क्षेत्र के ग्रामीणों और मजदूरों में भारी नाराजगी और रोष देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रांसपोर्टिंग कंपनियों और भारी वाहनों के चालकों की लापरवाही के कारण लगातार इस तरह के हादसे हो रहे हैं और नियमों को ताक पर रखकर वाहनों का परिचालन किया जा रहा है।

फिलहाल, घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और मामले की जांच में जुटी है। इस हादसे ने एक बार फिर क्षेत्र में कोयला ढुलाई की सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822