हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के सईदाबाद इलाके में स्थित एक स्कूल में धार्मिक शिक्षा से जुड़ा एक विवाद सामने आया है। आरोप है कि स्कूल की कक्षा 2 में पढ़ने वाले एक हिंदू छात्र को होमवर्क के रूप में इस्लामी प्रार्थना 'कलमा' और 'सूरह फातिहा' याद करने के लिए दिया गया। मामला सामने आने के बाद छात्र के माता-पिता और स्थानीय लोगों ने स्कूल पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद 'सक्सेस द स्कूल' (Success The School) प्रशासन ने संबंधित शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नौकरी से हटा दिया।
जानकारी के अनुसार, छात्र जब स्कूल से घर पहुंचा तो उसके होमवर्क में 'कलमा' और 'सूरह फातिहा' याद करने का निर्देश लिखा हुआ था। परिजनों का आरोप है कि यह धार्मिक पाठ एक हिंदू छात्र को बिना उनकी सहमति के याद करने के लिए दिया गया, जिससे वे हैरान रह गए।
परिवार ने इस पर आपत्ति जताते हुए स्कूल प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगा। मामला धीरे-धीरे स्थानीय लोगों तक पहुंचा, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग स्कूल पहुंचे और इस पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
विवाद बढ़ने के बाद स्कूल प्रबंधन ने तत्काल बैठक कर मामले की जांच की। स्कूल की ओर से बताया गया कि संबंधित शिक्षिका शेख आयशा परवीन ने बिना स्कूल प्रबंधन की अनुमति और निर्धारित पाठ्यक्रम से अलग जाकर यह होमवर्क दिया था।
प्रबंधन ने इसे व्यक्तिगत स्तर पर की गई गलती बताते हुए शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटा दिया। स्कूल ने यह भी 44कहा कि वह सभी धर्मों का सम्मान करता है और किसी भी छात्र पर किसी विशेष धर्म की शिक्षा थोपने की उसकी कोई नीति नहीं है।
छात्र के माता-पिता का कहना है कि स्कूल का दायित्व निर्धारित शैक्षणिक पाठ्यक्रम के अनुसार पढ़ाई कराना है। उनका आरोप है कि छोटे बच्चों को किसी विशेष धर्म से जुड़े पाठ याद करने के लिए कहना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्कूल स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करे।
विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों ने घटना की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि स्कूलों में सभी धर्मों का सम्मान होना चाहिए, लेकिन किसी भी छात्र को उसकी इच्छा या अभिभावकों की सहमति के बिना किसी धार्मिक पाठ का होमवर्क नहीं दिया जाना चाहिए।
स्कूल प्रबंधन ने बयान जारी कर कहा कि यह घटना संस्थान की आधिकारिक नीति का हिस्सा नहीं थी। प्रबंधन के अनुसार, मामला सामने आते ही त्वरित कार्रवाई की गई और संबंधित शिक्षिका की सेवाएं समाप्त कर दी गईं। साथ ही आश्वासन दिया गया कि भविष्य में ऐसी किसी भी स्थिति से बचने के लिए आंतरिक निगरानी व्यवस्था को और सख्त किया जाएगा।
शिक्षिका को बर्खास्त किए जाने के बाद स्कूल में स्थिति सामान्य बताई जा रही है। हालांकि, यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल इस मामले में किसी सरकारी एजेंसी या पुलिस की ओर से आधिकारिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है। यदि आगे कोई जांच या प्रशासनिक कदम उठाया जाता है, तो उसके बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
