हाईवे पर बिजली के खंभे से टकराने के बाद कार में भीषण आग लग गई, जिससे उसमें सवार 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। सभी मृतक हरिद्वार जा रहे थे
मुजफ्फरनगर । उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। शामली हाईवे पर एक अनियंत्रित कार बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा। इस खौफनाक हादसे में कार सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, टकराते ही कार के चारों तरफ लपटें उठने लगीं। गाड़ी के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और वे अंदर ही फंस गए। स्थानीय निवासियों ने मदद की कोशिश की, लेकिन आग की भीषणता के कारण किसी को बाहर निकालना संभव नहीं हो सका।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम दमकल गाड़ियों के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों और दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अक्षय संजय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया। वाहन में सवार सभी लोगों को बाहर निकालकर तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस द्वारा की गई शुरुआती जांच के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार में सवार सभी लोग हरियाणा के हिसार जिले के रहने वाले थे और वे हरिद्वार की ओर जा रहे थे। यात्रा के दौरान मुजफ्फरनगर-शामली हाईवे पर यह दुखद हादसा हो गया।
हादसे में शव इतनी बुरी तरह जल चुके हैं कि फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने बताया कि पुलिस मृतकों की शिनाख्त करने और उनके परिजनों से संपर्क स्थापित करने की निरंतर कोशिश कर रही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822
