दुमका-पाकुड़ मुख्य मार्ग पर काठीकुंड थाना क्षेत्र के मधुबन के पास दो ट्रेलरों की आमने-सामने टक्कर में खलासी की मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर
दुमका। दुमका-पाकुड़ मुख्य मार्ग पर शनिवार अहले सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। काठीकुंड थाना क्षेत्र के मधुबन के पास दो ट्रेलरों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक खलासी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चला रहा चालक घायल अवस्था में घटनास्थल से फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह परखच्चे उड़ गए।
मिली जानकारी के मुताबिक, दुमका से काठीकुंड की ओर एक खाली ट्रेलर जा रहा था। इस दौरान वाहन को मुख्य चालक की जगह खलासी चला रहा था, जबकि असली चालक सो रहा था। इसी बीच, विपरीत दिशा यानी काठीकुंड से दुमका की ओर गिट्टी लदा हुआ एक अन्य ट्रेलर आ रहा था। मधुबन के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने सीधी भिड़ंत हो गई।
इस भयावह टक्कर में खाली ट्रेलर को चला रहे सह चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतक की उम्र और पहचान अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन वह बिहार के बांका जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। वहीं, दुर्घटना के बाद घायल अवस्था में मुख्य चालक मौका पाकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही काठीकुंड थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने और यातायात सुचारू करने का काम शुरू कर दिया है। साथ ही, मृतक के शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान स्थापित करने और फरार चालक की तलाश के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822