देवघर (सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और JDU नेता कामेश्वर नाथ दास का निधन हो गया है। उनके निधन से देवघर के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर व्याप्त है।
कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।
देवघर (सुरक्षित) विधानसभा सीट से पूर्व विधायक और जनता दल यूनाइटेड (JDU) के वरिष्ठ नेता कामेश्वर नाथ दास का निधन हो गया है। उनके निधन की खबर मिलते ही देवघर सहित पूरे संताल परगना के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय समर्थकों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
वर्तमान विधायक सुरेश पासवान ने कहा कि पूर्व विधायक श्री कामेश्वरनाथ दास के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। वे लंबे समय से कैंसर से पीड़ित एवं अस्वस्थ चल रहे थे।
श्री पासवान ने निधन की सूचना मिलते ही उनके पैतृक गाँव ठाढ़ीदुलमपुर स्थित आवास पहुँचकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी एवं शोकाकुल परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएँ व्यक्त कीं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने के लिए प्रार्थना की।
उन्होंने कामेश्वरनाथ दास को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देवघर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने कहा, जनता दल यूनाइटेड के टिकट पर चुनाव लड़कर शानदार जीत दर्ज की थी और क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। एक सौम्य और जमीनी नेता के रूप में पहचाने जाने वाले दास लंबे समय से समाजसेवा और राजनीति में सक्रिय रहे।
उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए स्थानीय नेताओं ने कहा कि कामेश्वर नाथ दास का जाना क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपना पूरा जीवन जनता की सेवा और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। परिजनों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार स्थानीय मुक्तिधाम में पूरे सम्मान के साथ किया जाएगा, जहां उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए भारी संख्या में समर्थक और गणमान्य लोग जुट रहे हैं।
..........................................................................................
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822