जमशेदपुर के रानीकुदर में झंडोत्तोलन कार्यक्रम के दौरान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए नागरिकों से राष्ट्र निर्माण का आह्वान किया।

  

जमशेदपुर: भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सेनानियों का सम्मान करना प्रत्येक भारतीय का परम दायित्व है। उन्होंने कहा कि जब हम राष्ट्रध्वज तिरंगे को सलामी देते हैं, तो वह केवल एक ध्वज का सम्मान नहीं, बल्कि उन अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति गहरी श्रद्धांजलि होती है जिनके त्याग से देश आजाद हुआ।

 

डॉ. गोस्वामी जमशेदपुर के रानीकुदर में भाजपा बिष्टुपुर मंडल के पूर्व महामंत्री सन्नी सिंह द्वारा आयोजित झंडोत्तोलन समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश आजादी के 80वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। स्वतंत्रता हासिल करना जितना संघर्षपूर्ण था, उससे भी अधिक महत्वपूर्ण इसकी रक्षा करना और इसे सहेजकर रखना है। आज की युवा पीढ़ी को आजादी के वास्तविक अर्थ को समझते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा।

 

समारोह को संबोधित करते हुए आयोजक सन्नी सिंह ने कहा कि संविधान ने नागरिकों को स्वतंत्रता और अधिकार दिए हैं, लेकिन इनके साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी जुड़ी है। लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की आजादी का अर्थ स्वेच्छाचारिता नहीं है। हमें अपनी बात रखते समय सदैव देशहित और सामाजिक सौहार्द का ध्यान रखना चाहिए।

 कार्यक्रम में सुररंजन राय, अरविंद सिंह, वंदना सिंह और ललन द्विवेदी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित लोगों के बीच मिठाइयां बांटी गईं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे। 

..........................................................................................

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822