Jamshedpur News: विधायक सरयू राय के कड़े रुख के बाद MGM अस्पताल के होमगार्ड जवानों का 5 महीने का बकाया वेतन जारी। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की पहल पर आवंटित हुई राशि, पढ़ें पूरी खबर।

 

कंचन क्रांति ब्यूरो, जमशेदपुर।

जमशेदपुर पश्चिम के मुखर विधायक सरयू राय की कड़ी चेतावनी और तत्परता के बाद आखिरकार एमजीएम (MGM) अस्पताल में कार्यरत होमगार्ड जवानों के लिए राहत भरी खबर आई है। पिछले पांच महीनों से लंबित उनका बकाया वेतन आज जारी कर दिया जाएगा। विधायक सरयू राय ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार ने बकाया वेतन के भुगतान के लिए आवश्यक राशि का आवंटन कर दिया है और संबंधित धनराशि एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक के खाते में ट्रांसफर कर दी गई है।

वेतन न मिलने से भुखमरी की नौबत, महिला जवान ने उठाया था आत्मघाती कदम

विधायक सरयू राय ने कहा कि लगातार पांच महीनों तक वेतन नहीं मिलने के कारण होमगार्ड जवानों और उनके परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया था। हालात इस कदर चिंताजनक और संवेदनशील हो गए थे कि तंग आकर एक महिला होमगार्ड जवान ने फिनाइल पीकर आत्महत्या करने का प्रयास तक कर लिया था। हालांकि, समय रहते डॉक्टरों की तत्परता की वजह से उसकी जान बचा ली गई।

अस्पताल परिसर से ही स्वास्थ्य मंत्री को फोन कर दी थी आंदोलन की चेतावनी

श्री राय ने बताया कि दो दिन पहले जब वे एमजीएम अस्पताल के दौरे पर गए थे, तब पीड़ित होमगार्ड जवानों ने रो-रोकर उन्हें अपनी आपबीती सुनाई थी। जवानों ने कहा था कि महीनों से पैसे न मिलने के कारण घर में भुखमरी की स्थिति है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने तुरंत अस्पताल परिसर से ही राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से फोन पर बात की। सरयू राय ने स्वास्थ्य मंत्री से दो टूक शब्दों में कहा, एमजीएम अस्पताल मेरे विधानसभा क्षेत्र में आता है, इसलिए यहाँ के कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान कराना मेरी जिम्मेदारी है। अगर दो दिनों के भीतर इन जवानों का भुगतान नहीं हुआ, तो मैं सरकार के खिलाफ सीधे आंदोलन पर बैठने के लिए बाध्य हो जाऊँगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने निभाया वादा, विधायक ने जताया आभार

विधायक के अनुसार, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि वह खुद इस मामले को देखकर जल्द से जल्द वेतन जारी करवाएंगे। अब सरकार की ओर से राशि आवंटित होने के बाद सरयू राय ने स्वास्थ्य मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपना वादा निभाया है, जिससे सैकड़ों जवानों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।

बकाया वेतन मिलने की राह साफ होने पर जदयू ने जताया आभार

एमजीएम अस्पताल के होमगार्ड जवानों का पांच महीने का बकाया वेतन भुगतान सुनिश्चित होने पर पूर्वी सिंहभूम जिला जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने विधायक सरयू राय के प्रति आभार प्रकट किया है।

जदयू जिलाध्यक्ष ने एक प्रेस बयान जारी कर कहा कि आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से जूझ रहे होमगार्ड जवानों की समस्याओं को विधायक सरयू राय ने बेहद गंभीरता से लिया। जिस तत्परता और मजबूती से उन्होंने सरकार के समक्ष इस संवेदनशील मामले को उठाया और समाधान का मार्ग प्रशस्त कराया, वह बेहद सराहनीय है। इसके लिए वे पूरे जिले और पीड़ित परिवारों की तरफ से धन्यवाद के पात्र हैं।

……………………………………………………………………………………………….

Saryu Roy Jamshedpur, MGM Hospital Homeguard Salary, Irfan Ansari Health Minister, Jamshedpur News, कंचन क्रांति समाचार, एमजीएम अस्पताल होमगार्ड वेतन, सरयू राय लाइव।