जसीडीह में चांदन के राइस मिल व्यवसायी से फर्जी IT अधिकारी बन 40.50 लाख की लूट मामले में पिता-पुत्र समेत 3 बदमाश गिरफ्तार। वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो बरामद, अन्य आरोपियों की तलाश जारी।

 

बांका/जसीडीह: झारखंड के जसीडीह थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पूर्व राइस मिल व्यवसायी से खुद को आयकर अधिकारी बताकर 40.50 लाख रुपये लूटने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बिहार के बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र से पिता-पुत्र समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद कर ली गई है।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेलहर थाना क्षेत्र के तरैया गांव निवासी संजय यादव, उसके पुत्र विशाल कुमार और कैलाश पहाड़ी गांव निवासी घनश्याम यादव के रूप में हुई है। स्कॉर्पियो को तरैया गांव स्थित संजय यादव के घर से जब्त किया गया, हालांकि तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से लूटी गई रकम बरामद नहीं हो सकी है।

 

क्या है पूरा मामला?

8 अगस्त को बांका के चांदन स्थित श्याम राइस मिल के मालिक श्याम सर्राफ उर्फ विक्की अपने परिचित के साथ बाइक से जसीडीह स्टेशन जा रहे थे, जहां से उन्हें कोलकाता के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस पकड़नी थी। दर्दमारा बॉर्डर पार करते ही एक स्कॉर्पियो में सवार पांच बदमाशों ने खुद को आयकर (Income Tax) और जीएसटी अधिकारी बताकर उनकी बाइक रुकवा ली।

 

बदमाशों ने व्यवसायी को जबरन स्कॉर्पियो में बैठा लिया और उनके साथी को वापस भेज दिया। जसीडीह के टाभा घाट के पास बदमाशों ने मारपीट कर पैसों से भरा बैग छीन लिया। इसके बाद आरोपी जमुई की ओर भाग निकले और चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के चीहराखाड़ी जंगल में व्यवसायी को छोड़कर फरार हो गए।

 

बेलहर थानाध्यक्ष दिनेश कुमार वर्मा ने बताया कि पकड़े गए तीनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई और पूछताछ के लिए जसीडीह थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में शामिल अन्य दो फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

 

..........................................................................................

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822