जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय को IIBM एवं जाकिर हुसैन शिक्षण संस्थान का मुख्य संरक्षक बनाया गया। पटना के खुसरूपुर में नया एकीकृत परिसर बनेगा और पैरामेडिकल कोर्स शुरू होंगे।

 

कंचन क्रांति न्यूज, जमशेदपुर।

 

जमशेदपुर पश्चिम के विधायक एवं पटना साइंस कॉलेज से भौतिकी में एम.एससी. (M.Sc.) की डिग्री प्राप्त करने वाले वरिष्ठ नेता सरयू राय को आईआईबीएम (IIBM) एवं जाकिर हुसैन शिक्षण संस्थान समूह का मुख्य संरक्षक नामित किया गया है।

 

संस्थान द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, संस्थान के महानिदेशक डॉ. रोहित सिंह ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे संस्थान के शासी मंडल (Board Members) के सदस्यों ने सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की।

 

इस अवसर पर संस्थान का 48वां वार्षिक समारोह पटना स्थित ज्ञान भवन में धूमधाम से आयोजित किया गया। इस समारोह में संस्थान के मंडल सदस्यों, प्रमुख शिक्षाविदों, प्रशासनिक पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं कई गणमान्य व्यक्तियों ने हिस्सा लिया।

 

खुसरूपुर में बनेगा एकीकृत शैक्षणिक परिसर

 

वार्षिक समारोह से पूर्व आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में शिक्षा के विस्तार और आधुनिक तकनीकों पर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में पटना के खुसरूपुर में शीघ्र एक एकीकृत शैक्षणिक परिसर (Integrated Educational Campus) विकसित करने का संकल्प लिया गया। इस प्रस्तावित परिसर के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न व्यावसायिक, तकनीकी एवं रोजगारपरक शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

 

शुरू होंगे पैरामेडिकल व कौशल विकास के नए पाठ्यक्रम

 

शैक्षणिक गुणवत्ता, नए पाठ्यक्रमों और भविष्य की विकास योजनाओं पर विचार-विमर्श करते हुए संस्थान ने 'पैरामेडिकल विज्ञान' (Paramedical Sciences) के पाठ्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही नवाचार (Innovation) आधारित, कौशल विकास और सीधे रोजगार से जोड़ने वाले नए विषय भी शुरू किए जाएंगे। इनका मुख्य उद्देश्य छात्रों को बदलती औद्योगिक एवं व्यावसायिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना और उनकी रोजगार क्षमता को बढ़ाना है।

 

संस्थान के महानिदेशक प्रो. रोहित सिंह ने कहा कि प्रतिष्ठित जनप्रतिनिधियों, पूर्व प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों, शिक्षाविदों और विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों के विशेषज्ञों के मार्गदर्शन से IIBM समूह को भविष्य के शैक्षणिक विस्तार और विकास के लिए एक नई दिशा मिलेगी।


.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822