जमशेदपुर के पीएम श्री उत्क्रमित पीपुल्स अकादमी में विश्व आदिवासी दिवस की पूर्व संध्या पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बच्चों ने पारंपरिक नृत्य और पोस्टर प्रदर्शनी से मन मोहा।

  

जमशेदपुर। विश्व आदिवासी दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को बारद्वारी स्थित पीएम श्री उत्क्रमित पीपुल्स अकादमी +2 उच्च विद्यालय में विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों को आदिवासी समाज की समृद्ध सभ्यता, संस्कृति, परंपरा और ऐतिहासिक विरासत से परिचित कराया गया।

 

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्राओं द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक आदिवासी नृत्य रहा। शिक्षिका श्रीमती प्रिया एवं श्रीमती अनुपमा के निर्देशन में बालिकाओं ने मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। नृत्य के माध्यम से छात्राओं ने आदिवासी समाज की सांस्कृतिक विविधता, सामूहिकता और प्रकृति के प्रति उनके गहरे जुड़ाव को जीवंत रूप में पेश किया।

 

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक प्रकाश महता ने झारखंड, भारत और वैश्विक स्तर पर आदिवासी समाज की सभ्यता एवं संस्कृति पर एक विशेष पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन (PPT) दी। उन्होंने आदिवासी समुदायों की जीवनशैली, सामाजिक संरचना, कला-संस्कृति और प्रकृति संरक्षण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जनजातीय संस्कृति केवल एक पहचान नहीं, बल्कि मानव सभ्यता की अनमोल धरोहर है।

 

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने 'जल-जंगल-जमीन', प्रकृति संरक्षण और जनजातीय अधिकारों पर आधारित आकर्षक पोस्टर बनाए, जिनकी प्रदर्शनी विद्यालय परिसर में लगाई गई।

 

इससे पहले प्रातःकालीन सभा को संबोधित करते हुए प्राचार्य चंद्रदीप पाण्डेय ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस जनजातीय समुदायों के अधिकारों, परंपराओं और अमूल्य योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने का दिन है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का आह्वान किया। इस मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

…………………………………………………………….

विश्व आदिवासी दिवस, जमशेदपुर समाचार, पीएम श्री उत्क्रमित पीपुल्स अकादमी, आदिवासी संस्कृति, झारखंड न्यूज, जमशेदपुर स्कूल कार्यक्रम