धावाटांड़ के पास जंगल के रास्ते पुलिस ने दो युवकों को पकड़ा, उनकी निशानदेही पर जन्मस्थान गांव में हुई छापेमारी
प्रवीण कुमार दुबे, सिकंदरा (जमुई)।
बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्कर झारखंड से देसी शराब लाकर अवैध कारोबार में जुटे हैं। जमुई जिले के लछुआड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के ऐसे ही एक मामले का खुलासा करते हुए 100 लीटर महुआ शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चोरी की एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी जब्त की और तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया।
जंगल के रास्ते घेराबंदी कर दो युवक गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, गुरुवार की सुबह गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से शराब की खेप लाकर इलाके में खपाने की तैयारी है। सूचना के आधार पर लछुआड़ थानाध्यक्ष रूपेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने धावाटांड़ गांव के समीप जंगल के रास्ते घेराबंदी की। इस दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोककर हिरासत में लिया गया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान सिकंदरा थाना क्षेत्र के पचमहुआ निवासी सोनू कुमार और धरसंडा निवासी गोलू कुमार के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि वे झारखंड के तिसरी से देसी शराब लेकर आए थे। उनके अनुसार, शराब को जन्मस्थान गांव निवासी मुन्ना हांसदा के घर छिपाकर रखा गया था।
घर से बरामद हुई 100 लीटर महुआ शराब
दोनों युवकों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने जन्मस्थान गांव में मुन्ना हांसदा के ठिकाने पर छापेमारी की। वहां 50-50 लीटर के दो गैलनों में छिपाकर रखी गई कुल 100 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से मुन्ना हांसदा को भी गिरफ्तार कर लिया। इस तरह मामले में कुल तीन आरोपित पुलिस की गिरफ्त में आए।
शेखपुरा से चोरी की गई थी मोटरसाइकिल
कार्रवाई के दौरान बरामद स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल की जांच में उसके चोरी की होने की जानकारी मिली। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, यह बाइक वर्ष 2024 में शेखपुरा नगर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। शराब तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही बाइक के चोरी की होने से मामले में एक और पहलू सामने आया है।
लछुआड़ थानाध्यक्ष रूपेश कुमार ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ उत्पाद एवं मद्यनिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822