गांव से पूर्णिया लौट रहे थे कारोबारी विनय कुमार विश्वास उर्फ बबलू, करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद नदी से निकाली गई गाड़ी
कंचन क्रांति न्यूज, पूर्णिया।
बिहार के पूर्णिया में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में फॉर्च्यूनर गाड़ी पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सौरा नदी में जा गिरी। हादसे में वाहन चला रहे विनय कुमार विश्वास उर्फ बबलू (45) की मौत हो गई। वह डगरूआ थाना क्षेत्र के कुचैली गांव के निवासी थे और पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा के करीबी रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद गाड़ी को नदी से बाहर निकाला गया।
गांव से शहर लौटते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, विनय कुमार विश्वास गुरुवार शाम अपने पैतृक गांव से फॉर्च्यूनर गाड़ी से पूर्णिया शहर स्थित प्रभात कॉलोनी के अपने आवास लौट रहे थे। इसी दौरान कप्तान पुल पर उनकी गाड़ी अचानक रेलिंग तोड़ते हुए सौरा नदी में जा गिरी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना शाम करीब सात बजे हुई। उस समय गाड़ी कटिहार मोड़ की ओर से शहर की तरफ जा रही थी।
गाड़ी नदी में गिरते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी गई। इसके बाद राहत एवं बचाव का प्रयास शुरू किया गया।
एक घंटे की मशक्कत के बाद नदी से निकाली गई गाड़ी

घटना की सूचना मिलने पर सदर एसडीएम, सदर वन एसडीपीओ अभिनव पराशर और चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मदद से नदी में गिरी गाड़ी को बाहर निकालने का प्रयास किया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद वाहन को नदी से बाहर निकाला जा सका।
गाड़ी के अंदर विनय कुमार विश्वास अचेत अवस्था में मिले। उन्हें तत्काल राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच), पूर्णिया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कारोबारी और बड़े किसान थे विनय कुमार विश्वास
केहाट थाना क्षेत्र के प्रभात कॉलोनी निवासी दिलीप पटेल ने बताया कि विनय कुमार विश्वास कारोबारी होने के साथ बड़े किसान भी थे। उनकी मौत की खबर से परिचितों और शुभचिंतकों में शोक है।
फिलहाल पुलिस शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में जुटी थी। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और गाड़ी पुल की रेलिंग तोड़कर नदी में कैसे गिरी, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822