जमुई-कौआकोल पथ (SH-82) पर 20 साल पुराना कॉजवे क्षतिग्रस्त होने से वाहनों का आवागमन बंद। खैरा, जमुई और कौआकोल जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग जारी। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
जमुई। पथ निर्माण विभाग (पथ प्रमंडल, जमुई) ने जमुई-कौआकोल पथ (SH-82) के किलोमीटर 14.600 पर स्थित क्षतिग्रस्त कॉजवे (Cauesway) से सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार (25 अगस्त 2026) की सुबह एक अज्ञात भारी वाहन इस कॉजवे से होकर गुजरा। अत्यधिक भार के कारण कॉजवे का फाउंडेशन सेटल हो गया, जिससे इसके स्लैब में गहरी दरारें आ गईं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से यह अब वाहनों की आवाजाही के लिए खतरनाक और असुरक्षित हो गया है, जिसके बाद प्रशासन ने इस पर आवागमन पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया।
समानांतर पुल का निर्माण अंतिम चरण में
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि यह कॉजवे लगभग 20 वर्ष पुराना है और काफी समय से जीर्ण-शीर्ण स्थिति में था। इसके समानांतर बिहार राज्य सड़क विकास निगम लिमिटेड (BSRDCL) द्वारा एक नए उच्च स्तरीय पुल का निर्माण कराया जा रहा है, जिसका कार्य लगभग समाप्ति पर है। जल्द ही इस नए पुल को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
यात्रियों और वाहन चालकों की सुविधा के लिए विभाग ने बड़ीबाग-भीमाइन-ललदैया मार्ग को वैकल्पिक रास्ते के रूप में चिन्हित किया है:
खैरा-जमुई से आने वाले वाहन: बड़ीबाग - भीमाइन -ललदैया होते हुए गरही की ओर जाएंगे।
गरही-कौआकोल से आने वाले वाहन: ललदैया - भीमाइन - बड़ीबाग होते हुए खैरा-जमुई की ओर जाएंगे।
पथ निर्माण विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्धारित डायवर्जन मार्ग का ही उपयोग करें।
...........................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822