बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद ने जमुई स्थित प्रसिद्ध मां नेतुला मंदिर के सुचारू संचालन के लिए 5 वर्षों के लिए 10 सदस्यीय न्यास समिति का गठन कर अधिसूचना जारी कर दी है।
कंचन क्रांति ब्यूरो, जमुई।
बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद ने जमुई जिले के सिकंदरा प्रखंड अंतर्गत प्रसिद्ध कुमार गांव स्थित मां नेतुला मंदिर के सुचारु संचालन एवं विकास कार्यों के लिए अगले पांच वर्षों के लिए 10 सदस्यीय न्यास समिति (Trust Committee) का गठन कर दिया है।
धार्मिक न्यास परिषद के अध्यक्ष द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, पूर्व समिति का कार्यकाल समाप्त होने, उस पर लगे आरोपों और पटना उच्च न्यायालय के निर्देशों के आलोक में जमुई जिला पदाधिकारी (DM) से प्राप्त प्रस्ताव के आधार पर यह नई समिति गठित की गई है। यह समिति मंदिर की पूजा-अर्चना, आय-व्यय, संपत्ति संरक्षण और समग्र विकास कार्यों का संचालन करेगी।
SDM बने अध्यक्ष, जानें किसे मिली कौन सी जिम्मेदारी
जारी अधिसूचना के तहत अनुमंडल पदाधिकारी (SDM), जमुई को न्यास समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। उपाध्यक्ष अरविंद कुमार, सचिव अर्जुन कुमार और कोषाध्यक्ष उमेश सिंह को बनाया गया है।
समिति के अन्य सदस्य: समिति के सदस्यों में सिकंदरा के स्थानीय विधायक प्रफुल्ल कुमार मांझी, दानीचंद शंकर, शिव शंकर, शशांक सिंह, नागेंद्र कुमार तथा राजेंद्र सिंह शामिल हैं।
न्यास परिषद के नियम और शर्तें:
आय-व्यय का ब्योरा: नई समिति को प्रत्येक तीन माह में मंदिर के आय-व्यय का पूर्ण विवरण धार्मिक न्यास परिषद को सौंपना होगा।
बैंक खाते का संचालन: मंदिर के बैंक खातों का संचालन संयुक्त हस्ताक्षर से किया जाएगा।
स्वीकृति आवश्यक: परिसर में दानपात्र, साफ-सफाई, नियमित पूजा-अर्चना, पुजारी की नियुक्ति, खातों का रखरखाव और विकास कार्य परिषद की स्वीकृति से ही पूरे कराए जाएंगे।
शपथपत्र अनिवार्य : न्यास समिति के सभी सदस्यों को पदभार ग्रहण करने के एक माह के भीतर अनिवार्य रूप से शपथपत्र जमा करना होगा।
अभिलेखों में बदलाव पर रोक: अधिसूचना में स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि मां नेतुला मंदिर से संबंधित राजस्व अभिलेखों में किसी भी प्रकार का फेरबदल या परिवर्तन नहीं किया जाएगा। समिति 'बिहार हिंदू धार्मिक न्यास अधिनियम, 1950' के प्रावधानों के तहत ही कार्य करेगी।
................................................................................
Jamui News, Maa Netula Temple Kumhar, Bihar State Board of Religious Trusts, Jamui SDM, Netula Mandir Trust Committee, Sikandra News Jamui
