जमुई जिला प्रशासन के निर्देश पर NDRF टीम ने चकाई के प्लस टू एस.के. उच्च विद्यालय में मॉक ड्रिल आयोजित कर छात्रों को भूकंप, वज्रपात और आग से बचाव के उपाय सिखाए।

कंचन क्रांति न्यूज, जमुई।

जिला अधिकारी के निर्देशानुसार 9वीं वाहिनी एनडीआरएफ (NDRF) की टीम द्वारा 'बिहार विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम' के अंतर्गत चकाई प्रखंड स्थित प्लस टू एस.के. उच्च विद्यालय में एक दिवसीय मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली बच्चों और शिक्षकों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक और प्रशिक्षित करना था।

मॉक ड्रिल के दौरान एनडीआरएफ की टीम ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को विभिन्न प्राकृतिक और मानव निर्मित आपदाओं के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा एवं बचाव उपायों की व्यावहारिक जानकारी दी। इस दौरान विशेष रूप से वज्रपात (आकाशीय बिजली), डूबने की घटनाओं, भूकंप तथा अग्निकांड जैसी आपातकालीन स्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों, त्वरित प्रतिक्रिया और बचाव के तरीकों का जीवंत प्रदर्शन (डेमो) किया गया।

 

एनडीआरएफ टीम ने प्रदर्शित किया कि आपदा की स्थिति में भवन से सुरक्षित निकासी कैसे की जाए, घायलों को प्राथमिक उपचार (First Aid) कैसे दिया जाए और राहत कार्यों को कैसे अंजाम दिया जाए। अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को प्रेरित किया कि आपदा के समय घबराने के बजाय धैर्य, विवेक और सजगता के साथ कार्य करें।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यालय स्तर पर आपदा प्रबंधन एवं जोखिम न्यूनीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, ताकि छात्र-छात्राओं और विद्यालय कर्मियों में आपदाओं से निपटने की क्षमता विकसित हो सके और आपात स्थिति में जान-माल के नुकसान को कम से कम किया जा सके। जिला प्रशासन द्वारा जिले के विद्यालयों में इस प्रकार के जागरूकता अभियानों और मॉक ड्रिल के माध्यम से विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन में दक्ष बनाने की दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822