जमुई में 'हम' विधायक प्रफुल्ल मांझी ने सांसद अरुण भारती और चिराग पासवान पर हमला बोला। उन्होंने आरक्षण समीक्षा का समर्थन करते हुए कई गंभीर आरोप लगाए।
ए. आलम, जमुई।
आरक्षण की समीक्षा और उपवर्गीकरण को लेकर एनडीए घटकों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। जमुई के सांसद अरुण भारती द्वारा केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी पर की गई टिप्पणी के बाद अब हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के सिकंदरा विधायक प्रफुल्ल मांझी ने मोर्चा खोल दिया है। जमुई सर्किट हाउस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए प्रफुल्ल मांझी ने सांसद अरुण भारती, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और उनके परिवार पर आरक्षण का लाभ केवल अपने तक सीमित रखने का गंभीर आरोप लगाया।
प्रफुल्ल मांझी ने केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि आरक्षण की समीक्षा संवैधानिक प्रक्रिया है और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए इसका उपवर्गीकरण आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वर्गीय रामविलास पासवान ने हमेशा विकास और आरक्षण के लाभ अपने परिवार में ही बांटे, जबकि मुसहर और भुइयां समाज को इससे वंचित रखा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विधायक ने सांसद अरुण भारती और उनके परिवार पर कई व्यक्तिगत और राजनीतिक सवाल दागे। उन्होंने कहा कि जीतन राम मांझी ने हमेशा पारदर्शिता बरती है और भुइयां समाज के उत्थान के लिए काम किया है। विधायक के इस बयान के बाद जिले की राजनीति और एनडीए के अंदरूनी समीकरणों में गरमाहट आ गई है।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822