जमुई में बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष स्व० त्रिपुरारि प्रसाद सिंह की 96वीं जयंती राजकीय समारोह के रूप में मनाई गई। परिवहन मंत्री दामोदर रावत और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने प्रतिमा व समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित किए। पूरी खबर पढ़ें कंचन क्रांति न्यूज़ पर
कंचन क्रांति न्यूज, जमुई:
प्रख्यात समाजवादी नेता एवं बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष स्व० त्रिपुरारि प्रसाद सिंह की 96वीं जयंती आज जमुई में बड़े ही श्रद्धा और गरिमामय वातावरण में राजकीय समारोह के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर जमुई शहर स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर बिहार सरकार के प्रतिनिधि के रूप में परिवहन मंत्री श्री दामोदर रावत द्वारा माल्यार्पण किया गया। इसके उपरांत, त्रिपुरारी घाट स्थित उनके समाधि स्थल पर भी पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
प्रशासनिक अधिकारियों और गणमान्य लोगों ने दी श्रद्धांजलि:
इस गरिमामय कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्त्ता, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी समेत जिला प्रशासन के तमाम वरीय अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्व० त्रिपुरारि प्रसाद सिंह के परिवार के सदस्य और जिले के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने बारी-बारी से उनकी प्रतिमा और समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद, उनकी स्मृति को अक्षुण्ण रखने और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ परिवहन मंत्री, जिला पदाधिकारी एवं अन्य उपस्थित गणमान्यों द्वारा समाधि स्थल परिसर में पौधरोपण भी किया गया।
स्व० त्रिपुरारि प्रसाद सिंह का राजनीतिक सफर:
उल्लेखनीय है कि 6 अक्टूबर 1930 को जमुई के महिसौड़ी स्थित एक साधारण परिवार में जन्मे स्व० त्रिपुरारि प्रसाद सिंह ने अपने राजनीतिक जीवन में समाज और देश के लिए अहम योगदान दिया था। उन्होंने वर्ष 1946 में कांग्रेस सोशलिस्ट पार्टी, 1959 में प्रजा सोशलिस्ट पार्टी तथा 1977 में जनता पार्टी से जुड़कर राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई।
वे वर्ष 1971 में प्रदेश के कानून मंत्री रहे और जून 1977 से 1980 तक बिहार विधानसभा के अध्यक्ष पद को भी सुशोभित किया। 25 जनवरी 1988 को नई दिल्ली में उनका निधन हो गया था, लेकिन उनके विचार, आदर्श और समाज सेवा की प्रेरणादायक भावना आज भी जनमानस के दिलों में जीवित है।
..........................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822।