देवघर में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया गया, जबकि भू-अर्जन समस्याओं के लिए अंचल स्तर पर तीन दिवसीय शिविर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। पूरी खबर पढ़ें कंचन क्रांति न्यूज़ पर 

 कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

 जिलावासियों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन और जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों से पहुँचे लोगों ने भू-अर्जन एवं मुआवजा भुगतान, झारखंड मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना, पेंशन और आवास से जुड़ी अपनी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा।

उपायुक्त ने सभी की शिकायतें ध्यानपूर्वक सुनते हुए आश्वस्त किया कि सभी मामलों की त्वरित जाँच कराकर जल्द से जल्द समाधान किया जाएगा। जनता दरबार के दौरान ही राशन कार्ड में नाम जोड़ने, मईयां सम्मान योजना, पेंशन और राजस्व से जुड़े कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन संबंधित विभागों द्वारा किया गया।

दिव्यांग को मिला तत्काल सहारा और राशन कार्ड का निर्देश:

जनता दरबार में पहुँचे असगर शेख नामक दिव्यांग व्यक्ति की समस्या पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने उन्हें ऑन-द-स्पॉट ट्रायसाइकिल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि उक्त दिव्यांग को अविलंब राशन कार्ड योजना से भी जोड़ा जाए, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का निर्बाध लाभ मिल सके।

भू-अर्जन मामलों के निराकरण के लिए अंचलों में लगेंगे तीन दिवसीय शिविर:

जिले में भूमि अधिग्रहण (भू-अर्जन) से जुड़े मामलों और रैयतों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उपायुक्त ने बड़ा निर्देश दिया है। एसआईआर (SIR) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिले में तीन दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर केवल जिला मुख्यालय स्तर पर ही नहीं, बल्कि जिले के सभी अंचलों में एक साथ लगाया जाएगा। अंचल स्तर पर शिविर लगने से ग्रामीण क्षेत्र के रैयतों और जमीन मालिकों को मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और उनके मामलों का निष्पादन स्थानीय स्तर पर ही सुगमता से हो सकेगा। इसके लिए अपर समाहर्ता, सभी अंचलाधिकारियों और भू-अर्जन पदाधिकारी को समन्वय बनाकर रूपरेखा तैयार करने को कहा गया है।

राशन वितरण में अनियमितता पर कड़ी कार्रवाई:

देवीपुर प्रखंड के झुंडी पंचायत अंतर्गत नपोडीह और भलपहरी गाँव के राशन कार्डधारियों के आवेदन पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने बताया कि राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत मिलने पर संबंधित जनवितरण प्रणाली (PDS) दुकानदार को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, ग्रामीणों को सुचारू रूप से राशन मिलने के लिए उन्हें नजदीकी नए डीलर की दुकान से टैग कर दिया गया है।

अंत में उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के निवारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी संवेदनशीलता के साथ तय समय-सीमा के भीतर शिकायतों का निपटारा सुनिश्चित करें और एक सप्ताह के भीतर अपनी प्रगति रिपोर्ट कार्यालय को समर्पित करें।

..........................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822।