आगामी दुर्गा पूजा को सुरक्षित और स्वच्छ माहौल में संपन्न कराने के लिए देवघर नगर आयुक्त सुलोचना मीना ने विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। साफ-सफाई, बिजली और सड़क दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। पूरी खबर पढ़ें कंचन क्रांति न्यूज़ पर
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
आगामी दुर्गा पूजा पर्व को स्वच्छ, सुरक्षित, सुंदर एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से देवघर नगर निगम की नगर आयुक्त सुलोचना मीना ने निगम क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख पूजा पंडालों और संबंधित इलाकों का सघन स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान नगर आयुक्त ने गौशाला दुर्गा पूजा पंडाल, अपर बिलासी दुर्गा पूजा पंडाल, कृष्णापुरी दुर्गा पूजा पंडाल, दुर्गाबाड़ी दुर्गा पूजा पंडाल तथा विसर्जन स्थल हरदला कुंड क्षेत्र का जायजा लिया। इस क्रम में उन्होंने नगर निगम द्वारा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही बुनियादी सुविधाओं और तैयारियों की गहन समीक्षा की।
सफाई और रास्तों के समतलीकरण के कड़े निर्देश:
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अधिकारियों एवं सफाई निरीक्षकों को सख्त हिदायत दी कि त्योहार के दौरान पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ेगी। इसे ध्यान में रखते हुए सभी पूजा पंडालों और संपर्क मार्गों पर विशेष सफाई अभियान निरंतर चलाया जाए। उन्होंने मार्गों पर चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करने के साथ-साथ गड्ढों और जलजमाव वाले स्थानों पर स्टोन डस्ट डालकर उनका समतलीकरण करने का निर्देश दिया, ताकि आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

प्रकाश और पेयजल की पुख्ता व्यवस्था:
इसके अलावा उन्होंने सभी प्रमुख स्थानों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति, खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की तत्काल मरम्मती, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा शुद्ध पेयजल के लिए वाटर टैंकरों की मुकम्मल व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी कड़ा आदेश दिया। निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त, सफाई निरीक्षक सहित अन्य संबंधित विभागीय कर्मी उपस्थित रहे।
..........................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822।