उत्तर प्रदेश में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने बर्बाद फसलों का मुआवजा देने और बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य व राहत कार्य तेजी से चलाने की मांग की है। पूरी खबर पढ़ें।
रविशंकर सिंह, रायबरेली।
उत्तर प्रदेश में बाढ़ और चक्रवाती बारिश की वजह से उत्पन्न हुई भयावह स्थिति को लेकर कांग्रेस पार्टी ने सरकार के समक्ष कड़े सवाल खड़े किए हैं। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष श्रीमती आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को एक विस्तृत पत्र लिखकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल युद्धस्तर पर राहत कार्य शुरू करने और आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने मुख्य रूप से बर्बाद हुई फसलों के तत्काल आकलन और किसानों को उचित मुआवजा दिए जाने पर जोर दिया है।
राजधानी लखनऊ के फैजुल्लागंज में भीषण जलभराव:
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में नदियों के बढ़ते जलस्तर और चक्रवाती बारिश के कारण हालात बेकाबू हो रहे हैं। राजधानी लखनऊ के इटौंजा और बख्शी का तालाब (BKT) क्षेत्र में फसलें पूरी तरह जलमग्न होकर बर्बाद हो चुकी हैं, जिससे ग्रामीणों को अपने घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ रहा है।
इसके अलावा राजधानी के फैजुल्लागंज इलाके में गोमती नदी पर तटबंध न होने के कारण 35 हजार से ज्यादा घरों में पानी घुस गया है। यहाँ की मामा कॉलोनी, दाउदनगर, लोहरामऊ और घैला समेत आसपास के इलाकों में जलभराव चरम पर है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है और लोगों के सामने खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है।
कई अन्य जनपदों में भी तबाही का मंजर:
आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने पत्र में जिक्र किया है कि सिर्फ लखनऊ ही नहीं, बल्कि प्रदेश के कई अन्य जिले भी बाढ़ की चपेट में हैं। उन्होंने लिखा कि लखीमपुर में शारदा नदी के कटान और गोला के रूरा सुल्तानपुर व बिजुआ क्षेत्र में भारी तबाही हुई है। सीतापुर में सराय नदी के बढ़ते जलस्तर से बटगंज, केशव ग्रीन सिटी और दुर्गा पुरवा जैसे शहर के कई मोहल्ले प्रभावित हैं। हरदोई के संडीला क्षेत्र में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से भटपुर और कटका-कटकी समेत कई गांव संकट में, सवायजपुर में भी बाढ़ का प्रकोप बरकरार है। उन्होंने कहा कि बाराबंकी, अयोध्या, बलरामपुर में भीषण बाढ़ और कुशीनगर में तटबंध कटने के कारण दर्जनों गांवों का जीवन खतरे में पड़ गया है। बाढ़ के पानी के उतरने के साथ ही अब महामारी और संक्रमण फैलने का भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
तत्काल मुआवजे और स्वास्थ्य सेवाओं की मांग
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से मांग की है कि बाढ़ प्रभावित सभी जिलों में कृषि योग्य भूमि और फसलों के नुकसान का तुरंत सही आकलन कराया जाए, ताकि किसानों को उचित मुआवजा मिल सके। इसके साथ ही, जलभराव वाले क्षेत्रों में फैलने वाली संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमों को तैनात कर दवाइयों और साफ-सफाई की पुख्ता व्यवस्था करने की पुरजोर मांग की गई है।
..........................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822