झारखंड पुलिस की CID ने JSSC-CGL 2023 परीक्षा में गड़बड़ी और धांधली के मामले में 9वीं गिरफ्तारी की है। गिरिडीह के बेंगाबाद से आरोपी समीर कुमार को हिरासत में लिया गया है।
रांची। झारखंड में झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा (JSSC-CGL)-2023 में हुई कथित धांधली और अनियमितताओं के खिलाफ पुलिस की अपराध अनुसंधान शाखा (CID) ने अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है। CID की टीम ने इस मामले में एक और मुख्य संदिग्ध को गिरफ्तार किया है, जिससे इस प्रकरण में गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या अब नौ हो गई है।
CID द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, ताजा कार्रवाई में गिरिडीह जिले के बेंगाबाद निवासी समीर कुमार को गिरफ्तार किया गया है। CID की विशेष टीम ने रविवार रात बयान जारी कर इस बात की पुष्टि की। अधिकारियों का कहना है कि समीर कुमार से पूछताछ में परीक्षा धांधली से जुड़े कई और अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
JSSC-CGL 2023 परीक्षा का आयोजन वर्ष 2024 में झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा कराया गया था। परीक्षा के आयोजन के दौरान और बाद में प्रश्नपत्र लीक तथा अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगे थे, जिसकी जांच की जिम्मेदारी CID को सौंपी गई थी।
CID ने 18 अगस्त 2026 से इस मामले में ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान शुरू किया था। पिछले दो हफ्तों के भीतर एजेंसी ने गिरोह से जुड़े कई लोगों को राज्य के अलग-अलग हिस्सों से गिरफ्तार किया है।
CID अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में अन्य संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां संभव हैं। परीक्षा की शुचिता भंग करने वाले पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए टीम लगातार छापेमारी कर रही है।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822