बोकारो स्टील लिमिटेड (BSL) में नियोजन की मांग को लेकर विस्थापितों का आंदोलन तेज। त्रिपक्षीय वार्ता न होने से नाराज विस्थापितों ने गेट नंबर 9 और 10 को किया बंद, छठे दिन भी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी। पूरी खबर पढ़ें


बोकारो। बोकारो स्टील लिमिटेड (बीएसएल) में नियोजन की मांग को लेकर विस्थापितों का आंदोलन अब और अधिक उग्र हो गया है। त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित न होने से नाराज विस्थापित संगठनों ने बुधवार सुबह छह बजे से बीएसएल के गेट नंबर 9 और गेट नंबर 10 को पूरी तरह से बंद कर दिया।

गेट बंद होने के कारण बीएसएल परिसर के भीतर और बाहर आवाजाही पर गहरा प्रभाव पड़ा है। दोनों गेटों के बाहर मालवाहक गाड़ियों की लंबी कतारें खड़ी नजर आईं, जिससे औद्योगिक गतिविधियों और ट्रांसपोर्टेशन पर ब्रेक लग गया। प्रदर्शनकारियों ने गेट के बाहर बैठकर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रबंधन तथा प्रशासन के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।

विस्थापित अप्रेंटिस संघ और विभिन्न स्थानीय विस्थापित संगठनों के बैनर तले टू टैंक गार्डन स्थित धरना स्थल पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल आज छठे दिन भी लगातार जारी रही। आंदोलनकारियों का कहना है कि वे अपने हक और नियोजन की मांग को लेकर लंबे समय से शांतिपूर्ण संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन न तो प्रबंधन और न ही प्रशासन इस पर कोई ठोस या सकारात्मक पहल कर रहा है।

विस्थापितों का मुख्य आरोप है कि प्रशासन और प्रबंधन की ओर से बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक कोई सार्थक त्रिपक्षीय वार्ता नहीं हो सकी है। वार्ता के अभाव में विस्थापितों और युवाओं में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी उदासीनता के विरोध में संगठनों ने कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्य गेटों को जाम करने का निर्णय लिया।

विस्थापित संगठनों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस और लिखित पहल नहीं होती और त्रिपक्षीय वार्ता के जरिए समाधान नहीं निकाला जाता, तब तक उनका यह आंदोलन एवं अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल इसी प्रकार जारी रहेगी।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822