दुर्गा पूजा पंडाल में बीती रात असामाजिक तत्वों ने आग लगा दी। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, और इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पूरी विस्तृत खबर पढ़ें
जामताड़ा। जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत गोराईनाला गांव के समीप चरकापहाड़ी स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में बीती रात असामाजिक तत्वों द्वारा आग लगाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना बीती रात करीब डेढ़ बजे की है। सुनसान रात में अचानक पूजा पंडाल में आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि समय रहते लोगों की नजर आग पर पड़ गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। आग लगने की खबर मिलते ही देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। पुलिस इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान और थाना प्रभारी प्रदीप राणा दल-बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती कर दी गई है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
ग्रामीणों की शिकायत और प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सैकत मजूमदार नामक एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस घटना के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसके क्या उद्देश्य थे।
इस कायराना हरकत से स्थानीय पूजा समितियों और क्षेत्रवासियों में काफी नाराजगी है। लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की तह तक जाकर निष्पक्ष जांच की जाएगी। ऐहतियात के तौर पर पूजा पंडाल और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था काफी बढ़ा दी गई है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822