देवघर में 'झारखंड इनक्यूबेटर कार्यक्रम' का शुभारंभ। सारठ विधायक और डीसी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आईआईएम कलकत्ता और JSLPS की इस पहल के तहत 10 लाख तक के अनुदान और प्रशिक्षण की दी जानकारी। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर। 

क्रांति न्यूज के लिए देवघर से कंचन की रिपोर्ट। जिले में महिला उद्यमिता और ग्रामीण विकास को एक नई दिशा देने के उद्देश्य से बुधवार (30 सितंबर 2026) को जिला स्तरीय 'झारखंड इनक्यूबेटर आउटरीच कार्यक्रम' का भव्य आयोजन किया गया। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) देवघर के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ सारठ के माननीय विधायक श्री उदय शंकर सिंह, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया और उप विकास आयुक्त श्री पीयूष सिन्हा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

हुनर को बड़ा व्यवसाय बनाने का सुनहरा मौका

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राज्य में नवाचार (Innovation), उद्यमिता और स्थानीय आजीविका को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर सारठ विधायक श्री उदय शंकर सिंह ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देवघर जिले में हुनरमंद दीदियों की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें आईआईएम कलकत्ता के माध्यम से सही मार्गदर्शन देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अक्सर एक पुरुष के आगे बढ़ने से एक व्यक्ति आगे बढ़ता है, लेकिन जब एक महिला आगे बढ़ती है तो पूरा परिवार और समाज आगे बढ़ता है। हमारी सखी मंडल की दीदियों ने अपनी काबिलियत साबित की है और अब उनके इसी हुनर को एक बड़े व्यवसाय का रूप देने के लिए JSLPS और IIM कोलकाता मिलकर राज्य की 150 बेहतरीन महिला उद्यमियों को तराशने का काम कर रहे हैं। इसके तहत देवघर की महिलाओं को आधुनिक व्यापारिक ट्रेनिंग के साथ 10 लाख रुपये तक का अनुदान और ब्याज-मुक्त ऋण मिलेगा।

IIM कलकत्ता और सरकार की अनूठी पहल

उपायुक्त श्री सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि झारखंड सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत JSLPS द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम है। भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय (MoRD) द्वारा अनुमोदित इस पहल को आईआईएम कलकत्ता इनोवेशन पार्क (IIM CIP) के सहयोग से क्रियान्वित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी महिलाओं को गैर-कृषि क्षेत्र में सशक्त बनाना, उनके व्यवसाय का विस्तार करना और राजस्व में वृद्धि करना है। चयनित उद्यमियों को व्यक्तिगत मार्गदर्शन, ब्रांडिंग, पैकेजिंग, आधुनिक उपकरणों की जानकारी और मार्केट लिंकेज जैसी व्यापक सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी। इसके साथ ही रांची के केंद्रीय हब से जुड़कर जिला व प्रखंड स्तर पर 'स्पोक केंद्र' विकसित किए जाएंगे।

पूंजी और तकनीकी बाधाओं को किया जा रहा दूर: डीडीसी

उप विकास आयुक्त श्री पीयूष सिन्हा ने कहा कि जिला प्रशासन ने सखी मंडल की दीदियों की मेहनत को बहुत करीब से देखा है। अब समय आ गया है कि पारंपरिक आजीविका से आगे बढ़कर उन्हें 'बिजनेस लीडर' और 'उद्यमी' के रूप में स्थापित किया जाए। छोटे उद्यमियों के सामने आने वाली पूंजी की कमी और तकनीकी मार्गदर्शन जैसी दोनों मुख्य बाधाओं को इस कार्यक्रम के जरिए दूर किया जा रहा है। उन्होंने JSLPS के कर्मियों को निर्देश दिया कि वे गांव-गांव जाकर योग्य दीदियों की पहचान करें और 30 सितंबर 2026 की अंतिम तिथि से पहले उनका पंजीकरण सुनिश्चित कराएं ताकि वे इस योजना का पूरा लाभ उठा सकें।

कार्यक्रम के दौरान डीआरडीए निदेशक श्रीमती सागरी बराल, JSLPS के डीपीएम, आईआईएम कोलकाता के प्रतिनिधि, एसबीआई आरसेटी के अधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, JSLPS की टीम और बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूह की दीदियां व संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

...........................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822