झारखंड के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने पत्नी संग बाबा बैद्यनाथ मंदिर देवघर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने आगामी सावन मेले की तैयारियों का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।
कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर
झारखंड के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने आज देवघर स्थित विश्व प्रसिद्ध द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पहुंचकर अपनी धर्मपत्नी के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
बाबा के दरबार पहुंचे मंत्री दंपत्ति का मंदिर प्रांगण में तीर्थ पुरोहितों द्वारा पारंपरिक एवं भव्य स्वागत किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पुरोहितों ने मंत्री जी और उनकी धर्मपत्नी को पूरे संकल्प के साथ पूजा-अर्चना कराई, जिसके बाद उन्होंने मनोकामना लिंग बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक कर राज्य की समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

श्रद्धालुओं की सुविधाओं का लिया जायज़ा, किया नगर भ्रमण
मंदिर में पूजा-अर्चना संपन्न करने के बाद पर्यटन मंत्री शहर के भ्रमण पर निकले। उन्होंने आगामी पवित्र सावन मास को ध्यान में रखते हुए देवघर में देश-विदेश से आने वाले लाखों कांवरियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की।
नगर भ्रमण के दौरान उन्होंने रूट लाइन, साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्था का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सावन में बाबा के दर्शन के लिए आने वाले किसी भी श्रद्धालु को कोई परेशानी न हो और व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं।
नगर आयुक्त और एसडीएम ने भेंट किया स्मृति चिन्ह

बाबा मंदिर में दर्शन-पूजन और व्यवस्थाओं के निरीक्षण के उपरांत देवघर प्रशासन की ओर से मंत्री का नागरिक अभिनंदन किया गया। नगर आयुक्त सुलोचना मीना और अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) रवि कुमार ने संयुक्त रूप से माननीय पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को बाबा बैद्यनाथ मंदिर का पावन प्रतीक चिन्ह (स्मृति चिन्ह) एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया।
इस दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि देवघर केवल झारखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश की आस्था का एक प्रमुख केंद्र है। श्रावणी मेले के दौरान यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन कराना सरकार की पहली प्राथमिकता है।
.........................................................................................................
सुदिव्य कुमार सोनू, बाबा बैद्यनाथ मंदिर देवघर, देवघर न्यूज, श्रावणी मेला देवघर, झारखंड पर्यटन मंत्री, Deoghar Baba Dham, Kanchan Kranti News
