खगड़िया के भरतखंड थाना क्षेत्र के खजरैठा में आपसी विवाद में चाकू मारकर चाचा-भतीजे की हत्या। पुलिस ने पिता-पुत्र सहित 3 लोगों को हिरासत में लिया, गांव में तनाव।
खगड़िया। जिले के भरतखंड थाना क्षेत्र अंतर्गत खजरैठा गांव में गुरुवार की देर रात आपसी विवाद में हुई चाकूबाजी की घटना में चचेरे चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान खजरैठा गांव निवासी दिवंगत विनोद चौधरी के 23 वर्षीय पुत्र गौरव कुमार और पप्पू चौधरी के 22 वर्षीय पुत्र अंकुर कुमार के रूप में हुई है।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
परिजनों के अनुसार, आपसी विवाद के दौरान अपराधियों ने दोनों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के तुरंत बाद परिजनों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए परबत्ता अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया, लेकिन बेगूसराय पहुंचने से पहले ही दोनों युवकों ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
इकलौता बेटा था गौरव, परिजनों में पसरा मातम
मृतक गौरव कुमार अपने परिवार का इकलौता चिराग था। एक ही घर से दो नौजवानों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। शुक्रवार को बेगूसराय से शव वापस आने के बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए सदर अस्पताल, खगड़िया में पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 3 हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही भरतखंड पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद पिता-पुत्र समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है। भरतखंड थानाध्यक्ष सावित्री कुमारी ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। हिरासत में लिए गए तीनों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। गांव में एहतियातन शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस टीम लगातार कैंप कर रही है।