खगड़िया के बेलदौर थाना क्षेत्र में घर की छत पर सोए 22 वर्षीय युवक की सिर में गोली मारकर हत्या। रक्षाबंधन पर घर आया था मृतक, पुलिस और फोरेंसिक टीम कर रही है मामले की जांच।
कंचन क्रांति न्यूज, खगड़िया।
खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र अंतर्गत सकरोहर पंचायत में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां घर की छत पर सो रहे एक युवक की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान स्थानीय वार्ड नंबर-11 निवासी दुखभंजन राम के 22 वर्षीय पुत्र ज्योतिष कुमार उर्फ नीतीश के रूप में हुई है।
परिजनों के मुताबिक, ज्योतिष बुधवार रात करीब आठ बजे खाना खाने के बाद सोने के लिए छत पर गया था। गुरुवार की सुबह जब उसकी मां बुचिया देवी उसे उठाने छत पर गईं, तो उन्होंने ज्योतिष को खून से लथपथ मृत पाया। मृतक के बड़े भाई नीतीश ने बताया कि उनके पिता पंजाब में मजदूरी करते हैं, जबकि ज्योतिष खुद मकान निर्माण का काम करता था। घटना के संबंध में ज्योतिष की छोटी बहन पूजा ने बताया कि रात आठ बजे उसकी फोन पर भाई से बात हुई थी। वहीं, पड़ोसी सुनीता देवी ने देर रात एक गोली चलने की आवाज सुनने की पुष्टि की है।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस का मानना है कि अज्ञात अपराधी पड़ोसी बेचन राम के सुनसान घर के छज्जे के सहारे छत पर चढ़े और इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। मृतक की मां ने यह भी बताया कि बुधवार को ज्योतिष दिनभर गांव के ही एक युवक के साथ था और उसने उसे शराब भी पिलाई थी।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अजीत कुमार सिंह, एसआई अभिषेक कुमार और एसआई विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। परिवारवालों के अनुसार ज्योतिष दो भाइयों में छोटा था और उसकी शादी नहीं हुई थी। वह रक्षाबंधन के मौके पर घर आया हुआ था और गुरुवार को ही उसे वापस बाहर जाना था, लेकिन इससे पहले ही बदमाशों ने उसकी जान ले ली। गोगरी एसडीपीओ चंदन कुमार ठाकुर ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस सभी संदिग्धों की पहचान कर मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।