गोड्डा के ललमटिया थाना क्षेत्र में कुशमा गांव के पास खड़े हाइवा में भीषण आग लग गई, जिससे वाहन जलकर राख हो गया। चालक और खलासी बाल-बाल बचे।
कंचन क्रांति न्यूज, ललमटिया (गोड्डा)।
ललमटिया थाना क्षेत्र के कुशमा गांव के समीप ललमटिया-धोरीचक मुख्य मार्ग पर खड़े एक हाइवा में गुरुवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना में वाहन जलकर पूरी तरह खाक हो गया, गनीमत यह रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, हाइवा (संख्या JH 04 AB 3263) मेहरमा से ललमटिया की ओर आ रही थी। घटना से ठीक पहले चालक और खलासी ने गाड़ी को कुशमा गांव के पास रोका था और वे शौच के लिए नीचे उतरे हुए थे। यदि इस दौरान दोनों गाड़ी के अंदर होते, तो एक बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता था।
ट्रक में आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर जुट गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल ललमटिया पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भयावह थी कि उसपर काबू पाना मुश्किल हो गया। जब तक दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंचती, तब तक पूरा हाइवा जलकर राख हो चुका था।
आगजनी की इस घटना के बाद जली हुई गाड़ी को तुरंत मुख्य सड़क से नहीं हटाया गया, जिसके कारण कुछ देर के लिए वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बाद में आग पूरी तरह बुझने और वाहन को हटाने के बाद यातायात सामान्य हो सका।
इस संबंध में ललमटिया थाना प्रभारी रोशन कुमार सिंह ने बताया कि आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस इस घटना को लेकर बारीकी से अनुसंधान कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822