चंदवा–लोहरदगा मार्ग पर स्थित डेढ़ टंगवा घाटी में अनियंत्रित कंटेनर ने बाइक और ऑटो को रौंदा। भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत, राहत और बचाव कार्य जारी।

 

रांची : चंदवा–लोहरदगा मुख्य मार्ग पर स्थित डेढ़ टंगवा घाटी में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कंटेनर ने सड़क पर जा रहे बाइक सवारों को अपनी चपेट में लेते हुए एक पैसेंजर ऑटो (टेंपो) को सीधे रौंद दिया। इस भीषण दुर्घटना में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

 

स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घाटी में ढलान के दौरान कंटेनर की रफ्तार काफी तेज थी। अचानक वाहन पर से चालक का नियंत्रण हट गया, जिसके बाद कंटेनर ने आगे चल रही बाइक को जोरदार टक्कर मारी और फिर संतुलन खोते हुए सीधे ऑटो के ऊपर चढ़ गया। हादसा इतना भयावह था कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार यात्री नीचे ही दब गए।

 

दुर्घटना में ऑटो में सवार चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार तीन लोगों में से दो ने भी जान गंवा दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही चंदवा थाना पुलिस की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

 

पुलिस ने क्रेन और जेसीबी की मदद से कंटेनर के नीचे दबे ऑटो को बाहर निकाला तथा घायलों को तुरंत पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया जा रहा है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जांच में जुट गई है।

 

..........................................................................................

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822