देवघर के पाथरोल की रहने वाली पीड़िता खुशबू कुमारी ने बिजली का तार गिरने से हुई पति की मौत के बाद मुआवजे के लिए मंत्री हफीजुल हसन से गुहार लगाई है। जानिए पूरा मामला।

 

कंचन क्रांति न्यूज, मधुपुर (देवघर)।

रानी मंदाकिनी उच्च विद्यालय प्लस 2, करौं में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान एक असहाय महिला ने राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण एवं जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन को आवेदन सौंपकर न्याय और आर्थिक सहायता की मांग की है।

 

मामला देवघर जिले के पाथरोल थाना क्षेत्र अंतर्गत जशोबांध (पोस्ट-मदनकट्टा) गांव का है। पीड़िता खुशबू कुमारी ने मंत्री को दिए आवेदन में बिजली विभाग की घोर लापरवाही और अपने परिवार की बदहाली को उजागर किया। खुशबू के पति स्वर्गीय विकास कुमार मंडल की मौत 17 जून 2025 को बिजली का जर्जर तार गिरने से हो गई थी।

 

पीड़िता का आरोप है कि हादसे के बाद से वह मुआवजे के लिए बिजली विभाग के दफ्तरों के चक्कर काट-काटकर थक चुकी है, लेकिन विभाग का रवैया बेहद असंवेदनशील बना हुआ है। पति के जाने के बाद परिवार गंभीर आर्थिक तंगी और मानसिक उत्पीड़न से जूझ रहा है। पीड़िता ने मंत्री से बिजली विभाग की मनमानी पर कड़ा संज्ञान लेने और सरकारी नियमानुसार जल्द से जल्द मुआवजा राशि दिलाने की नम्र अपील की है।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822