देवघर के मधुपुर अंतर्गत धोबाना टोला में जर्जर सड़क से परेशान आदिवासी समुदाय ने बैठक कर चुनाव बहिष्कार का ऐलान किया है। ग्रामीणों ने मंत्री हाफिजुल हसन और देवघर DC से जल्द सड़क निर्माण की मांग की है।

 

चंदन ठाकुर, मधुपुर (देवघर)।

 

देवघर जिले के मधुपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बघनाडीह पंचायत के धोबाना टोला स्थित 'बोलरवा आदिवासी संस्कृति कला केंद्र' में स्थानीय आदिवासी समुदाय की एक आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में गांव की सबसे बड़ी समस्या—जर्जर सड़क मार्ग को लेकर ग्रामीणों का जनआक्रोश खुलकर सामने आया।

 ग्राम सभा में मौजूद सैकड़ों ग्रामीणों ने प्रशासनिक उदासीनता और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ गहरा रोष व्यक्त किया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि चुनाव से पहले धोबाना टोला की बदहाल सड़क का पक्का निर्माण शुरू नहीं होता है, तो पूरा आदिवासी समाज आगामी चुनावों में पूरी तरह से "वोट का बहिष्कार" करेगा।

 

ग्रामीणों का कहना है कि वे वर्षों से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन हर बार केवल खोखले आश्वासन ही मिलते हैं। सड़क न होने के कारण आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती। इसके अलावा स्कूली बच्चों, मरीजों और आम लोगों को आवागमन में रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

 

बैठक के माध्यम से ग्रामीणों ने राज्य सरकार के मंत्री हाफिजुल हसन और देवघर उपायुक्त (DC) से मामले पर अविलंब संज्ञान लेने और पक्की सड़क का निर्माण कराने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि इस बार भी उनकी मांग की अनदेखी की गई, तो यह आंदोलन केवल वोट बहिष्कार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले दिनों में उग्र रूप धारण करेगा।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822