कोर्ट ने अभियुक्त की पेशी में लापरवाही बरतने पर रोहतास एसपी पर 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया है। जानें डेहरी थाना कांड और पूरी खबर की विस्तृत जानकारी।
सासाराम। रोहतास जिले में न्यायालय के आदेशों की अवहेलना और पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर कड़ा सवाल उठा है। सत्र वाद संख्या 425/22 के एक मामले में लंबे समय से अभियुक्त की पेशी सुनिश्चित न होने पर जिला जज-चार अनिल कुमार की अदालत ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। अदालत ने मामले में तत्कालीन भोजपुर एसपी और वर्तमान रोहतास पुलिस अधीक्षक (एसपी) की कार्यप्रणाली पर गहरी नाराजगी जताते हुए उन पर 10,000 रुपये का स्थगन व्यय अधिरोपित किया है। साथ ही, इस जुर्माने की राशि को अगली सुनवाई से पहले न्यायालय में जमा कराने का सख्त निर्देश दिया गया है।
अदालत में प्रस्तुत अभिलेखों के अवलोकन से यह खुलासा हुआ कि डेहरी (डालमियानगर) थाना कांड संख्या 460/2013 से जुड़ा यह मामला है। इस मामले में मुख्य आरोपित गोविन्द सिंह (पिता- स्व. रामप्रवेश यादव, निवासी- राजपुर, थाना- इमादपुर, जिला- भोजपुर) की अदालत में उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए यह मामला वर्ष 2022 से लगातार लंबित चल रहा है।
अदालत द्वारा बार-बार निर्देश देने और कुर्की आदेश जारी करने के बावजूद पुलिस द्वारा उसका तामिला नहीं कराया गया। इस गंभीर मामले में न्यायालय द्वारा जारी किए गए स्मार-पत्र और गत 05 अगस्त 2026 को जारी कारण-पृच्छा का भी पुलिस प्रशासन की ओर से कोई प्रतिवेदन या जवाब दाखिल नहीं किया गया।
न्यायालय ने पुलिस अधीक्षक के इस रवैये को अपने कर्तव्य और न्यायिक प्रक्रिया के प्रति उदासीनता और भारी लापरवाही का द्योतक माना है। अदालत ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अभियुक्त की लगातार गैर-मौजुदगी और पेशी न होने के कारण इस महत्वपूर्ण मामले में अब तक कोई भी ठोस प्रगति नहीं हो सकी है। न्यायिक प्रक्रिया में हो रहे इस विलंब को देखते हुए अदालत ने दंडात्मक कदम उठाते हुए 10 हजार रुपये का हर्जाना लगाया है।
अदालत ने रोहतास एसपी को निर्देश दिया है कि वे भोजपुर एसपी के सहयोग से आरोपी गोविन्द सिंह को अविलंब न्यायालय में गिरफ्तार कर या अन्य माध्यम से प्रस्तुत कराएं। इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 08 अक्टूबर 2026 की तिथि निर्धारित की गई है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822