मुजफ्फरपुर के हथौड़ी थाना क्षेत्र से रांची सीबीआई ने 9 साल पुराने बैंक गबन मामले के आरोपी रामप्रकाश मंडल को गिरफ्तार किया है। पढ़ें पूरी डिजिटल न्यूज रिपोर्ट।


पटना। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की रांची यूनिट ने मुजफ्फरपुर जिले में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नौ साल पुराने बैंक गबन मामले के फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार की देर रात सीबीआई टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से हथौड़ी थाना क्षेत्र के भदई गांव में छापेमारी कर आरोपी को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हथौड़ी थाना क्षेत्र के भदई गांव निवासी रामप्रकाश मंडल (पिता- अनूठा मंडल) के रूप में हुई है। आरोपी पिछले काफी समय से कानून की नजरों से बचकर छिपा हुआ था, जिसके खिलाफ न्यायालय से कुर्की-जब्ती का आदेश भी जारी किया जा चुका था।

सीबीआई सूत्रों के अनुसार, आरोपी रामप्रकाश मंडल के खिलाफ रांची सीबीआई थाने में कांड संख्या 1(s)/2017 दर्ज है। यह मामला लगभग नौ साल पुराना है, जिसमें बैंक से बड़ी राशि के गबन का आरोप है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की तलाश में सीबीआई लगातार जुटी हुई थी। गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार की देर रात अचानक की गई इस छापेमारी से इलाके में सनसनी फैल गई।

हथौड़ी थाना लाकर आरोपी की जरूरी चिकित्सीय जांच और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद, सीबीआई की टीम उसे अपने साथ पटना ले गई है। पटना से ट्रांजिट रिमांड या अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे रांची स्थित सीबीआई कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई से वित्तीय धोखाधड़ी कर लंबे समय से फरार चल रहे अन्य आरोपियों में भी हड़कंप मच गया है।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822