भारतीय थलसेना में तैनात जमुई जिले के सिकंदरा स्थित खरडीह गांव निवासी मु. मनीर अंसारी लेह-लद्दाख में ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए। रविवार को राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार।

 

वी कुमार, सिकंदरा (जमुई):

देश की सरहद की हिफाजत करते-करते सिकंदरा प्रखंड के खरडीह गांव का एक घर हमेशा के लिए सूना हो गया। भारतीय थलसेना में स्टोर कीपर के पद पर लेह-लद्दाख में तैनात मु. मनीर अंसारी ड्यूटी के दौरान हुए हादसे में बलिदान हो गए। तीन सितंबर की शाम पत्नी के मोबाइल पर आया सेना के सूबेदार का फोन पहले हादसे की खबर लेकर आया था, लेकिन अगले ही दिन परिजनों को उनकी शहादत की सूचना मिली।

 

मनीर की मौत की खबर मिलते ही पत्नी फरहीन सदफ बेसुध हो गईं। 19 वर्षीय बेटी आलिया परवीन और 15 वर्षीय बेटे मोहम्मद अरसलान अंसारी का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

मशीन पैर पर गिरी, अस्पताल में चला ऑपरेशन

मनीर के चचेरे भाई जावेद ने बताया कि वर्ष 2000 में थलसेना में बहाल हुए मनीर वर्तमान में लेह-लद्दाख में कार्यरत थे। तीन सितंबर की शाम ड्यूटी के दौरान रोड कटर मशीन को गाड़ी से उतारते समय मशीन अचानक स्लिप होकर पलट गई और सीधे उनके पैर पर जा गिरी। हादसे में पैर बुरी तरह कुचल जाने के बाद उन्हें तत्काल आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने ऑपरेशन शुरू किया।

 एक फोन ने तोड़ दी घर लौटने की उम्मीद

चार सितंबर की सुबह सूबेदार ने परिजनों को अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मनीर के निधन की दुखद सूचना दी। जिस दरवाजे से मनीर के सकुशल लौटने की राह देखी जा रही थी, अब वहां उनके पार्थिव शरीर का इंतजार हो रहा है। मनीर की शहादत की खबर से खरडीह समेत पूरा इलाका शोक में डूब गया है।

 

राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

बताया गया कि शहीद जवान का पार्थिव शरीर शनिवार की देर रात खरडीह पहुंचने की संभावना है। रविवार को मगरिब की नमाज के बाद राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किए जाने की संभावना है।

 .............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822