न्यूयॉर्क सबवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से भारतीय मूल के दो युवाओं मल्लिका चित्रे और नवम कौल की मौत। जानिए क्या है पूरा मामला और पुलिस जांच की अपडेट्स।


नई दिल्ली। अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। न्यूयॉर्क के एक सबवे स्टेशन पर भारतीय मूल के दो युवाओं की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के वक्त दोनों युवा सबवे की पटरियों पर बैठे हुए थे।

यह हादसा तड़के करीब 3:15 बजे डाउनटाउन मैनहट्टन के स्प्रिंग स्ट्रीट स्टेशन पर हुआ। मृतकों की पहचान 24 वर्षीय मल्लिका चित्रे और नवम कौल के रूप में हुई है। दोनों लंबे समय से अच्छे दोस्त थे और उन्होंने इसी साल न्यू जर्सी की रटगर्स यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन पूरा किया था।

जब नंबर 4 ट्रेन उनकी ओर आ रही थी, तब दोनों ट्रैक पर बैठे थे। ट्रेन ऑपरेटर ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक का इस्तेमाल किया, लेकिन कम दूरी और गति के कारण वह समय रहते ट्रेन को रोकने में सफल नहीं हो सका।

ऑपरेटर के अनुसार, टक्कर से ठीक पहले युवती हंस रही थी और युवक को अपनी ओर खींचती हुई नजर आ रही थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नवम कौल खुद पटरी पर उतरे थे या गिरे थे, लेकिन ऐसा प्रतीत हो रहा था कि मल्लिका उन्हें बचाने की कोशिश कर रही थीं।

जांचकर्ता इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि क्या दोनों ने अत्यधिक नशा किया हुआ था, जिसके चलते उन्हें सामने से आती ट्रेन का खतरा महसूस नहीं हुआ।

घटनास्थल से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, हालांकि पुलिस ने आत्महत्या के एंगल से भी जांच पूरी तरह से खारिज नहीं की है।

हादसे के तुरंत बाद आपातकालीन बचाव दल मौके पर पहुंचा और दोनों को ट्रेन के नीचे मृत पाया। इस भयानक दुर्घटना के बाद सबवे ट्रेन से लगभग 100 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। फिलहाल, न्यूयॉर्क पुलिस विभाग इस मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रहा है।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822