गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने 11वीं-13वीं JPSC मुख्य परीक्षा के मूल्यांकन और CID जांच पर सवाल उठाए। उन्होंने सर्वर लॉग और डिजिटल फॉरेंसिक ऑडिट की मांग की।

 तरुण कुमार कंचन, देवघर।

गड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) के जरिए झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 11वीं और 13वीं मुख्य परीक्षा की कार्यप्रणाली तथा चल रही CID जांच पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए हेमंत सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में CID जांच के नाम पर महज लीपापोती की जा रही है।

 

डॉ. दुबे ने कहा कि विवाद अब केवल अभ्यर्थियों के अंकों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी मूल्यांकन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने पूछा कि क्या अभ्यर्थी द्वारा लिखी गई मूल उत्तर-पुस्तिका ही पूरी तरह स्कैन होकर मूल्यांकनकर्ता तक पहुंची थी? क्या स्कैनिंग के बाद पेजों में कोई हेरफेर या बदलाव नहीं किया गया?

 

डिजिटल मूल्यांकन और सिस्टम एक्सेस पर उठाए प्रश्न

सांसद ने कई तकनीकी और प्रशासनिक सवाल उठाते हुए पूछा है कि-


क्या इवैल्यूएटर ने उसी डिजिटल कॉपी का मूल्यांकन किया जो मूल उत्तर-पुस्तिका से बनी थी?

क्या सबमिट किए गए मार्क्स को बाद में बदला जा सकता था  और क्या हर बदलाव का immutable audit trail मौजूद है?

क्या तत्कालीन अध्यक्ष का कार्यकाल समाप्त होने के बाद किसी पुराने क्रेडेंशियल या अकाउंट से सिस्टम एक्सेस किया गया?

क्या आयोग के सभी सदस्यों को डिजिटल इवैल्यूएशन की पूरी प्रक्रिया की जानकारी और अनुमोदन था?

डिजिटल व फोरेंसिक ऑडिट की मांग

डॉ. निशिकांत दुबे ने स्पष्ट किया कि इन सवालों का जवाब किसी राजनीतिक बयान या मौखिक सफाई से नहीं मिल सकता। इसके लिए ओरिजिनल आंसर बुक, स्कैन्ड इमेज, सर्वर लॉग, डेटाबेस ऑडिट ट्रेल और कमीशन फाइल का मिलान जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि रिकॉर्ड मेल खाते हैं तो संदेह दूर होंगे, लेकिन अंतर मिलने पर पूरी मूल्यांकन प्रक्रिया कटघरे में खड़ी होगी। मांग किसी को व्यक्तिगत दोषी ठहराने की नहीं, बल्कि डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्य के आधार पर पूरी सच्चाई सामने लाने की है।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822