पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा में मूसलाधार बारिश के बीच अपराधियों ने किशुन वर्मा ज्वेलर्स में घुसकर फायरिंग की और 25 से 30 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर लूट लिए।
कंचन क्रांति न्यूज, पाकुड़।
अमड़ापाड़ा प्रखंड मुख्यालय स्थित मुख्य बाजार के दुर्गामंदिर टोला में बुधवार दोपहर अपराधियों ने दिनदहाड़े डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। मूसलाधार बारिश के बीच पहुंचे तीन हथियारबंद अपराधियों ने 'किशुन वर्मा ज्वेलर्स' में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग की और महज दो मिनट के भीतर करीब 25 से 30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए।
घटना के बाद भाग रहे अपराधियों को स्थानीय दुकानदारों ने घेरने का प्रयास किया, लेकिन अपराधियों ने एक राउंड फायरिंग कर दी और हथियार लहराते हुए पल्सर बाइक से बसमति रोड की तरफ तेजी से फरार हो गए।
रेनकोट और हेलमेट पहनकर आए थे लुटेरे
मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे दुकान मालिक मनोज वर्मा के पुत्र आकाश वर्मा अपने कर्मचारियों के साथ दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर तीन अपराधी पहुंचे। अपनी पहचान छिपाने के लिए तीनों ने रेनकोट और हेलमेट पहन रखा था। दुकान में दाखिल होते ही अपराधियों ने पिस्टल निकालकर हवाई फायरिंग कर दी।
अचानक हुई गोलीबारी से घबराकर आकाश वर्मा जान बचाने के लिए अंदर घर की तरफ भागे। इसका फायदा उठाकर लुटेरों ने शोकेस और रैक में रखे कीमती जेवरातों को अपने साथ लाए बैग में भर लिया और चंपत हो गए।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार और अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल (दुकान के भीतर) से एक कारतूस का खोखा बरामद किया है।
डकैती की यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर अपराधियों के हुलिए और उनके भागने के रूट को ट्रैक कर रही है।
व्यवसायियों में आक्रोश और दहशत
मुख्य बाजार के बीचों-बीच हुई इस दुस्साहसिक वारदात से स्थानीय व्यापारियों में पुलिस-प्रशासन के प्रति भारी असंतोष और खौफ का माहौल है। व्यवसायियों ने कहा कि बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
मामले की तकनीकी व वैज्ञानिक जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिले हैं और अपराधियों को चिह्नित कर लिया गया है। जल्द ही पूरी वारदात का खुलासा कर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- विजय कुमार (एसडीपीओ, महेशपुर)
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822