देवघर जिले के पथरोल (मझियाना) में मकान निर्माण विवाद को लेकर घर में घुसकर मारपीट। पीड़ित विश्वनाथ पंडित ने शिक्षक सुमेश्वर पंडित समेत 7 लोगों पर लगाया जानलेवा हमले का आरोप।

कंचन क्रांति न्यूज, मधुपुर (देवघर)।

पथरोल थाना क्षेत्र के मझियाना गाँव में शनिवार सुबह भूमि व मकान निर्माण विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लाठी, डंडे और कुदाल से लैस दबंगों ने गाँव के ही विश्वनाथ पंडित (54) के घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए उन पर जानलेवा हमला कर दिया। शोर-शराबा सुनकर जब स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुटे, तब जाकर पीड़ित की जान बचाई जा सकी।

 

मामले को लेकर पीड़ित विश्वनाथ पंडित ने पथरोल थाना में लिखित आवेदन देकर सात लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। नामजद आरोपियों में मिथुन पंडित, शेखर पंडित, प्रदीप पंडित, प्रकाश पंडित की पत्नी, प्रमोद पंडित, शिक्षक सुमेश्वर पंडित और प्रमोद पंडित की पत्नी शामिल हैं।

 

मकान निर्माण को लेकर हुआ विवाद

विवाद का मुख्य कारण प्रमोद पंडित द्वारा कराया जा रहा मकान निर्माण है। पीड़ित ने निर्माण कार्य को थोड़ा हटाकर कराने का सुझाव दिया था ताकि भविष्य में आवागमन या अन्य असुविधा न हो। इसी बात से नाराज होकर शिक्षक सुमेश्वर पंडित व उनके सहयोगियों ने घटना को अंजाम दिया। पीड़ित का आरोप है कि उनका बेटा बाहर रहता है, जिसका फायदा उठाकर आरोपी उन्हें अकेला पाकर लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं।

 

दूसरे पक्ष व पुलिस का रुख

वहीं दूसरे पक्ष ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है, वे केवल अपने जमीन पर घर बना रहे थे। मामले में पुलिस का पक्ष जानने के लिए जब पथरोल थाना प्रभारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।

 .............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822